भोपालमध्य प्रदेश

राजधानी में एचआई की कार पर रंग के साथ फेंका एसिड

राजधानी में एचआई की कार पर रंग के साथ फेंका एसिड

युवती बोली- आज कार, कल मुझ पर हमला हो सकता है

भोपाल, यशभारत। राजधानी के ऐशबाग थाना क्षेत्र में होली के त्यौहार के दौरान एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक निजी संस्थान में एचआर के पद पर कार्यरत युवती की कार को निशाना बनाते हुए अज्ञात बदमाशों ने उस पर रंग के साथ तेजाब (एसिड) फेंक दिया। एसिड इतना तेज था कि कार का रंग पूरी तरह उखड़ गया और बॉडी को नुकसान पहुँचा है। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पीड़िता ने अपनी जान को खतरा बताया है।

जानकारी के अनुसार, युवती होली के दिन अपनी कार घर के सामने पार्क करके अंदर गई थी। जब वह वापस लौटी, तो कार की हालत देख दंग रह गई। कार पर गुलाल और गीले रंगों के साथ एसिड की धारियां नजर आ रही थीं। ध्यान से देखने पर पता चला कि एसिड ने कार के पेंट को बुरी तरह जला दिया है। युवती ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

पीड़िता ने अपनी शिकायत में गंभीर चिंता व्यक्त की है। युवती का कहना है कि यह महज शरारत नहीं बल्कि एक सोची-समझी साजिश है। उन्होंने पुलिस से कहा, आज मेरी कार पर एसिड डाला गया है, कल अपराधी मुझ पर भी हमला कर सकता है। एचआर प्रोफेशनल होने के नाते कार्यस्थल या किसी पुरानी रंजिश के चलते उन्हें निशाना बनाए जाने की आशंका जताई जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए ऐशबाग पुलिस ने मौके पर पहुँचकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने भी माना है कि यह किसी की जानबूझकर की गई करतूत है। एसिड का इस्तेमाल यह साफ करता है कि आरोपी के मन में गहरी शत्रुता थी। वही पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button