अभाविप की प्रांतीय बैठक बरेली में शुरू, 22 जिलों के छात्र नेता जुटे

अभाविप की प्रांतीय बैठक बरेली में शुरू, 22 जिलों के छात्र नेता जुटे
आगामी कार्ययोजना पर मंथन: ‘स्क्रीन टाइम टू एक्टिविटी टाइम’ और चरैवेति 4.0 जैसे अभियानों पर रहेगा जोर
भोपाल, यशभारत। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप), मध्यभारत प्रांत की दो दिवसीय प्रांत कार्यकारिणी बैठक शनिवार को छिंद धाम की पावन नगरी बरेली में शुरू हुई। 31 जनवरी और 1 फरवरी तक चलने वाली इस बैठक में प्रांत के 22 जिलों के प्रमुख पदाधिकारी और दायित्ववान कार्यकर्ता आगामी शैक्षणिक सत्र की रणनीति तैयार करने के लिए एकत्रित हुए हैं।
बैठक के उद्घाटन सत्र में मुख्य रूप से प्रांत अध्यक्ष धर्मेंद्र राजपूत, प्रांत मंत्री केतन चतुर्वेदी एवं प्रांत संगठन मंत्री रोहित दुबे उपस्थित रहे। सत्र का शुभारंभ मां सरस्वती और स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। दो दिवसीय मंथन के दौरान वर्तमान शैक्षणिक परिदृश्य, सदस्यता अभियान 2026, और मिशन साहसी जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। विशेष रूप से युवाओं में बढ़ती मोबाइल की लत को कम करने के लिए स्क्रीन टाइम टू एक्टिविटी टाइम अभियान और संगठनात्मक विस्तार के लिए चरैवेति 4.0 की रूपरेखा तैयार की गई। इसके अलावा छात्रावास सर्वेक्षण, विश्वविद्यालय प्रवास और ‘नगर खेल कुंभ’ जैसे रचनात्मक कार्यों पर भी जोर दिया गया।

ऐतिहासिक और गौरवशाली वर्ष मनाने का संकल्प
बैठक में आगामी समय में आने वाले महत्वपूर्ण अवसरों जैसे अटल बिहारी वाजपेयी जन्मशती वर्ष, संघ शताब्दी वर्ष, वंदे मातरम के 150 वर्ष, भारतीय गणतंत्र के 75 वर्ष और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर जयंती को उत्साहपूर्वक मनाने का निर्णय लिया गया।
प्रांत मंत्री केतन चतुर्वेदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले सत्र के सभी लक्ष्य, चाहे वह RGPV विश्वविद्यालय का आंदोलन हो या चरैवेति 3.0, सफलतापूर्वक पूर्ण किए गए हैं। उन्होंने कहा, यह बैठक पवित्र छिंद धाम में हो रही है। जिस प्रकार हनुमान जी के लिए कोई कार्य कठिन नहीं था, उसी प्रकार परिषद के कार्यकर्ता भी आगामी लक्ष्यों को शत-प्रतिशत सिद्ध करेंगे।
बैठक के समापन पर छात्र समस्याओं के समाधान हेतु एक ठोस कार्ययोजना और आंदोलनात्मक रणनीति का घोषणापत्र जारी किया जाएगा।







