पॉलिटेक्निक चौराहे पर शराब दुकान के खिलाफ ABVP का उग्र प्रदर्शन छात्रों ने की दुकान बंद करने की मांग, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

पॉलिटेक्निक चौराहे पर शराब दुकान के खिलाफ ABVP का उग्र प्रदर्शन
छात्रों ने की दुकान बंद करने की मांग, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
भोपाल यश भारत । राजधानी भोपाल के पॉलिटेक्निक चौराहे पर स्थित शराब दुकान के खिलाफ सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ABVP के छात्र-छात्राओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में जुटे छात्रों ने नारेबाजी करते हुए दुकान को तत्काल बंद करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने शराब दुकान हटाओ, भोपाल बचाओ जैसे नारे लगाकर क्षेत्र में बढ़ते नशे के प्रभाव पर चिंता जताई। उनका कहना था कि शैक्षणिक संस्थानों के आसपास इस तरह की दुकानों का संचालन छात्रों के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बन रहा है। प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे ABVP के स्थानीय संयोजक ने कहा कि पॉलिटेक्निक चौराहे पर संचालित यह शराब दुकान युवाओं को नशे की ओर धकेल रही है और क्षेत्र की शांति व्यवस्था को भी प्रभावित कर रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि छात्र हितों को ध्यान में रखते हुए दुकान को तत्काल बंद किया जाए। प्रदर्शन के बाद छात्र प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।







