मामूली विवाद में युवक की गुप्ती गोदकर हत्या, अशोका गार्डन थाने पर हनुमान चालीसा का पाठ

मामूली विवाद में युवक की गुप्ती गोदकर हत्या, अशोका गार्डन थाने पर हनुमान चालीसा का पाठ
भोपाल, यशभारत। राजधानी के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने उस समय खौफनाक मोड़ ले लिया, जब कुछ बदमाशों ने एक युवक पर गुप्ती से ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान विजय मेवाड़ा के रूप में हुई है। इस नृशंस हत्या के बाद पूरे इलाके में सांप्रदायिक तनाव फैल गया है। आक्रोशित हिंदू संगठनों ने सोमवार सुबह अशोका गार्डन थाने का घेराव कर गेट पर ही हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया।
पेट और छाती पर किए कई वार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रभात पेट्रोल पंप के समीप विजय मेवाड़ा का कुछ युवकों से किसी बात पर विवाद हो गया था। बहस इतनी बढ़ी कि आरोपियों ने आव देखा न ताव और विजय पर धारदार गुप्ती से हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपियों ने विजय के पेट और छाती पर एक के बाद एक कई वार किए। लहूलुहान हालत में विजय को हमीदिया अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
थाने का घेराव और बुलडोजर की मांग
हत्या की खबर मिलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में सड़क पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग पर अड़ गए। तनाव को देखते हुए अशोका गार्डन पुलिस सहित अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। पूरा इलाका फिलहाल छावनी में तब्दील है।
पुलिस की कार्रवाई: 2 हिरासत में, 1 फरार
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। दो लोगों को पकड़ा गया है और तीसरे मुख्य आरोपी की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त बल तैनात है।







