भेल स्पोर्ट्स क्लब के पास जंगल में युवक की निर्मम हत्या, सिर कुचलकर फेंकी गई लाश

भेल स्पोर्ट्स क्लब के पास जंगल में युवक की निर्मम हत्या, सिर कुचलकर फेंकी गई लाश
भोपाल, यश भारत। राजधानी के भेल स्पोर्ट्स क्लब इलाके में शनिवार को सनसनी फैल गई, जब पास के जंगल में एक अज्ञात युवक का शव मिला। युवक की हत्या बेहद बेरहमी से की गई है, उसका सिर बुरी तरह कुचला हुआ था। शुरुआती जांच के बाद पुलिस का अनुमान है कि युवक की हत्या कहीं और की गई और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को यहां जंगल में फेंक दिया गया।
पहचान छिपाने के लिए सिर कुचला
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुँचा। टीआई अवधेश सिंह तोमर ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच है। आरोपियों ने युवक की शिनाख्त मिटाने के लिए उसके चेहरे और सिर पर वार कर उसे कुचल दिया है। फिलहाल शव के लिए पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
सीसीटीवी और थानों को अलर्ट
पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि संदिग्ध वाहनों या व्यक्तियों का सुराग मिल सके। साथ ही, आसपास के सभी थानों में मृतक की फोटो और हुलिया भेज दिया गया है ताकि गुमशुदगी की रिपोर्ट से इसका मिलान किया जा सके।







