पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर सरेराह चाकू से हमला

पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर सरेराह चाकू से हमला
भोपाल,यशभारत। राजधानी के तलैया थाना इलाके में बीती रात पुरानी रंजिश के चलते चाकूबाजी की वारदात सामने आई है। ऐशबाग क्षेत्र के रहने वाले दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद हमीदिया अस्पताल की पार्किंग से होता हुआ इब्राहिमपुरा रोड तक जा पहुँचा, जहाँ सरेराह युवक पर चाकू से हमला किया गया। घटना के समय युवक के साथ एक युवती भी मौजूद थी, जो इस हमले में बाल-बाल बची।
पार्किंग से शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत हमीदिया अस्पताल की पार्किंग में हुई थी। फरियादी और आरोपी दोनों ही ऐशबाग थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं, जिनके बीच लंबे समय से रंजिश चल रही है। अस्पताल में हुई कहासुनी के बाद आरोपियों ने युवक का पीछा किया और तलैया थाना अंतर्गत इब्राहिमपुरा रोड पर उसे घेर लिया।
युवती के सामने चलाया चाकू
मैौके पर मौजूद लोगो के अनुसार, आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए अचानक चाकू से हमला कर दिया। हमले के दौरान युवक के साथ मौजूद युवती ने बीच-बचाव की कोशिश की, जिससे वह भी हमले की जद में आते-आते बची। गनीमत रही कि युवक को कोई गंभीर चोट नहीं आई है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही तलैया थाना पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश का बताया जा रहा है। पुलिस अब हमीदिया अस्पताल और इब्राहिमपुरा रोड के आसपास लगे कैमरों को खंगाल रही है ताकि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जा सके।







