पुरानी रंजिश में युवक पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान मौत

पुरानी रंजिश में युवक पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान मौत
आरोपी बल्लू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज, पुलिस तलाश में जुटी
भोपाल, यश भारत| राजधानी के मिसरोद थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले संजय नगर (जातखेड़ी) में आपसी विवाद के चलते एक 26 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घायल युवक ने सोमवार तड़के अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान पवन गवई (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो संजय नगर, जातखेड़ी का निवासी था। बताया जा रहा है कि आरोपी बल्लू और पवन के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बल्लू ने पवन पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
वारदात के तुरंत बाद घायल पवन को लहूलुहान हालत में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई थी। डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद सोमवार तड़के पवन की मौत हो गई।
मिसरोद थाना पुलिस ने पहले मारपीट और जानलेवा हमले की धाराओं में केस दर्ज किया था, जिसे अब पवन की मौत के बाद हत्या के मामले में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। थाना प्रभारी का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







