भोपालमध्य प्रदेश

ट्रांसपोर्टर महिला और मासूम बेटी को बीच सड़क पर पीटा, सीसीटीवी में कैद हुई दबंगई

ट्रांसपोर्टर महिला और मासूम बेटी को बीच सड़क पर पीटा, सीसीटीवी में कैद हुई दबंगई

प्रॉपर्टी हड़पने और वसूली के चक्कर में पड़ोसियों ने किया हमला; पहले भी की थी शिकायत, पर पुलिस रही मौन

जबलपुर, यशभारत। संस्कारधानी के आधारताल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए दबंगों द्वारा एक महिला और उसकी पांच साल की मासूम बेटी के साथ सरेराह मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता अंजू पांडे, जो पेशे से ट्रांसपोर्ट व्यवसायी हैं, को उनके पड़ोसियों ने न केवल घर से बाहर खींचकर पीटा, बल्कि उनकी मासूम बच्ची को भी नहीं बख्शा। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
गाड़ी और पैसों के लिए बना रहे थे दबाव
40 वर्षीय पीड़िता अंजू पांडे ने बताया कि वह आधारताल में रहकर ट्रांसपोर्ट का काम करती हैं। उनके पास खुद की गाड़ियां हैं। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले राहुल यादव, भीषू बंगाली और रोहित यादव अक्सर उनसे मुफ्त में गाड़ियां मांगते थे। मना करने पर आरोपियों ने रंगदारी दिखाना शुरू कर दिया और पैसों की मांग करने लगे।

मकान खाली करने की धमकी, पुलिस की भूमिका पर सवाल
पीड़िता के अनुसार, विवाद की एक जड़ वह मकान भी है जिसमें वह रह रही हैं। अंजू ने मकान मालिक को एडवांस देकर उसे खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, लेकिन आरोपी परिवार चाहता है कि वह कुछ पैसे लेकर वहां से चली जाए ताकि वे उस प्रॉपर्टी पर कब्जा कर सकें। हैरान करने वाली बात यह है कि पीड़िता ने इससे पहले कई बार CM हेल्पलाइन और स्थानीय थाने में गुहार लगाई थी, लेकिन पुलिस की कथित निष्क्रियता ने आरोपियों के हौसले बुलंद कर दिए।
मासूम को भी नहीं बख्शा
बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे आरोपियों ने गाली-गलौज कर अंजू को घर से बाहर बुलाया और उन पर हमला कर दिया। जब मां को बचाने के लिए उनकी 5 साल की बेटी आई, तो दबंगों ने उसके साथ भी मारपीट की। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह आरोपी बेखौफ होकर मारपीट कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button