प्रशिक्षण विमान हाई-वोल्टेज लाइन से टकराकर खेतों में गिरा, दो प्रशिक्षु घायल; 90 गांवों की बिजली गुल, सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
विद्युत आपूर्ति ठप — 90 गांव अंधेरे में डूबे

प्रशिक्षण विमान हाई-वोल्टेज लाइन से टकराकर खेतों में गिरा, दो प्रशिक्षु घायल; 90 गांवों की बिजली गुल, सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल

सिवनी। जिले के सुकतरा हवाई पट्टी क्षेत्र में सोमवार शाम एक बड़ा हादसा उस समय घटित हुआ, जब रेड बर्ड एविएशन का प्रशिक्षण विमान लैंडिंग प्रक्रिया के दौरान 33 केवी हाई-वोल्टेज विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। टक्कर के बाद विमान खेतों में जा गिरा, जिससे प्रशिक्षु पायलट अशोक छावड़ा और प्रशिक्षक अजीत एंटनी घायल हो गए। दोनों को तत्काल उपचार के लिए बारापत्थर स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई गई है।
विद्युत आपूर्ति ठप — 90 गांव अंधेरे में डूबे
विमान की टक्कर से 33 केवी लाइन टूटने के चलते बादलपार और ग्वारी सबस्टेशन से जुड़े लगभग 90 गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। कार्यपालन अभियंता सुभाष राय ने बताया कि विद्युत संरचना को हुए नुकसान की मरम्मत युद्धस्तर पर की जा रही है और आपूर्ति जल्द बहाल करने के प्रयास जारी हैं।
ग्रामीणों का आरोप — सुरक्षा नियमों की उड़ रही धज्जियां
घटना से क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। आमगांव के सरपंच रामलाल उइके सहित ग्रामीणों ने कहा कि दुर्घटना के वक्त जोरदार धमाका हुआ और चिंगारियां उड़ीं। उनका आरोप है कि एविएशन कंपनी बार-बार सुरक्षा मानकों को नजरअंदाज कर रही है, जिससे लगातार हादसे सामने आ रहे हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुरक्षा इंतजाम नहीं सुधारे गए, तो बड़ा जनहानी वाला हादसा हो सकता है।

पहले भी घटित हो चुकी हैं दो गंभीर घटनाएं
सुकतरा एयरस्ट्रिप पर सुरक्षा मानकों को लेकर पहले से सवाल खड़े हैं। 10 और 30 मई 2025 को भी इसी कंपनी के प्रशिक्षण विमान रनवे पर फिसलकर पलट गए थे। एक हादसे को तो कथित रूप से तिरपाल से ढककर छिपाने की कोशिश भी की गई थी।
पुलिस की प्रतिक्रिया
पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस बल को मौके पर भेजा गया था। घायलों का इलाज जारी है और दोनों खतरे से बाहर हैं।







