
खुदाई के दौरान ताश के पत्तों की तरह ढही तीन मंजिला इमारत
मजदूरों को बाहर निकाला गया
खंडवा। शहर के भैरव तालाब वार्ड की गली नंबर एक में गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां स्थित एक तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। घटना शाम करीब 4:30 बजे की है। गनीमत रही कि इमारत में संचालित मेडिकल एजेंसी साप्ताहिक अवकाश के कारण बंद थी, वरना बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था।
मेडिकल एजेंसी संचालित थी इमारत में
जिस इमारत में यह हादसा हुआ, उसमें मेडिकल एजेंसी संचालित हो रही थी। यह भवन सतपाल सिंह चावला और सुमित सिंह चावला के नाम से बताया जा रहा है। इमारत के ठीक बगल में खीरजमल लालवानी द्वारा निर्माण कार्य के लिए बुलडोजर से खुदाई कराई जा रही थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी खुदाई के कारण इमारत की नींव कमजोर हुई और वह गिर पड़ी।

गुरुवार को मौके पर दो से तीन मजदूर काम कर रहे थे। इमारत गिरने की आशंका को भांपते हुए स्थानीय निवासी शोएब गवली ने मजदूरों को तुरंत बाहर निकलने की सलाह दी। कुछ ही देर बाद इमारत ढह गई, जिससे मजदूरों की जान बच गई।घटना के दौरान शोएब गवली ने इमारत गिरने का लाइव वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जो अब सामने आया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि किस तरह पूरी इमारत अचानक जमीन में समा जाती है।
बिना अनुमति निर्माण पर होगी कार्रवाई
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचीं नगर निगम आयुक्त प्रियंका राजावत ने निर्माण कार्य करा रहे खीरजमल लालवानी से चर्चा की। उन्होंने बिना अनुमति निर्माण और खुदाई कार्य शुरू किए जाने के मामले में कानूनी कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा
शाम करीब 7 बजे तक मौके पर सीएसपी अभिनव बारंगे, सीटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर सहित पुलिस और प्रशासनिक अमला पहुंच गया। मलबे को हटाने और क्षेत्र को सुरक्षित करने की कार्रवाई जारी है।
करीब पांच करोड़ के नुकसान का दावा
इमारत मालिकों ने इस हादसे में करीब पांच करोड़ रुपये के नुकसान की बात कही है। प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।







