भोपाल के शाहपुरा में खड़ी स्कॉर्पियो में लगी आग
स्थानीय लोगों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टला

भोपाल के शाहपुरा में खड़ी स्कॉर्पियो में लगी आग
स्थानीय लोगों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टला
भोपाल, (यशभारत)। राजधानी के शाहपुरा इलाके में मनीषा मार्केट के पास बंसल हॉस्पिटल के सामने कॉलोनी के सर्विस रोड पर खड़ी एक स्कॉर्पियो कार में आज अचानक आग लग गई। हालांकि, लोगों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया, जिससे कई अन्य वाहन चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।
मिली जानकारी के अनुसार, सर्विस रोड पर एक स्कॉर्पियो खड़ी थी, जिसमें कोई सवार नहीं था। अचानक कार के बोनट से धुआं निकलना शुरू हुआ और देखते ही देखते आग भड़क उठी। आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
लोगों ने संभाला मोर्चा
आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आग तेज हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, स्थानीय लोग तुरंत दौड़े और उन्होंने अपनी सूझबूझ दिखाते हुए पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही लोगों ने आग पर काफी हद तक काबू पा लिया।
इस दौरान, हड़कंप की स्थिति के बीच लोगों ने फुर्ती दिखाते हुए पास में खड़ी अन्य गाड़ियों को भी सुरक्षित दूरी पर हटा दिया। लोगों की इस तत्परता के कारण ही एक बड़ा हादसा टल गया और कई गाड़ियां आग की चपेट में आने से बच गईं। घटना में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।







