रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास झुग्गी बस्ती में भीषण आग,500 झुग्गियां जलकर राख,1 की मौत
तड़के आग पर पाया गया काबू

नई दिल्ली,एजेंसी। दिल्ली के रोहिणी इलाके में रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास झुग्गी बस्ती में शुक्रवार देर रात भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया. कुछ ही पलों में आग में सैकड़ों झुग्गियां को अपनी चपेट में ले लीं. आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में सैकड़ों झुग्गियां जलकर राख हो गईं. आग लगने के दौरान गैस सिलेंडरों में लगातार ब्लास्ट की भी सूचना आई, हालांकि इसको लेकर अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया. अचानक लगी इस आग से इलाके में भगदड़ मच गई और लोग अपनी-अपनी झुग्गियों से सामान निकालने में जुट गए.
दमकल विभाग को शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे आग की सूचना मिली. आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश में जुट गईं. दो दर्जन से ज्यादा फायर टेंडरों को आग बुझाने के काम में लगाया गया है.
वहीं, स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें भी राहत और बचाव कार्य में लगी हुई हैं. प्रशासन ने आसपास के इलाकों को खाली कराया और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया. हालांकि अभी तक किसी के हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है, लेकिन झुग्गियों में रखा लोगों का सारा सामान जलकर खाक हो गया है.
रात भर चली जद्दोजहद
इस आग ने करीब 500 झुग्गियों को अपनी चपेट में लिया। 20 से अधिक दमकल की गाड़ियां रात भर काम पर लगी रही। तमाम जद्दोजहद के बाद शनिवार तड़के आग पर काबू पाया गया। दमकल कर्मियों ने अंधेरे और घनी आबादी वाले इलाके में चुनौतियों का सामना करते हुए आग बुझाने का काम शुरू किया। रात भर चले इस अभियान में उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर सैकड़ों परिवारों को सुरक्षित निकाला। आखिरकार, सुबह होते-होते आग पर पूरी तरह नियंत्रण हासिल हो गया।







