भोपालमध्य प्रदेश

गैरेज में लगी भीषण आग, 7 कारें जलकर हुई खाक

गैरेज में लगी भीषण आग, 7 कारें जलकर हुई खाक

लाखों का नुकसान: जेल रोड स्थित महाकाल ऑटोमोबाइल में तड़के लगी आग, रिहायशी इलाके में मची अफरा-तफरी
भोपाल, यशभारत। राजधानी के निशातपुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक भीषण अग्निकांड हो गया। जेल रोड स्थित ट्रूबा कॉलेज के समीप महाकाल ऑटोमोबाइल गैरेज में अचानक आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि चंद घंटों के भीतर वहां रिपेयरिंग के लिए खड़ी 7 कारें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। घटना के बाद आसपास के रिहायशी इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सुबह 4 बजे धधक उठा गैरेज
जानकारी के अनुसार, आग लगने की घटना सुबह करीब 4 बजे की है। गैरेज से अचानक आग की ऊंची लपटें और धुंआ उठता देख स्थानीय लोगों ने शोर मचाना शुरू किया। चूंकि गैरेज के नजदीक ही घनी बस्ती और रिहायशी इलाका है, इसलिए लोगों को डर था कि आग घरों तक न पहुंच जाए।
सूचना मिलने के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दमकल कर्मियों को काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। गैरेज मालिक के अनुसार, इस हादसे में लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। गैरेज में ग्राहकों की कीमती गाड़ियां खड़ी थीं, जो अब लोहे के कंकाल में तब्दील हो चुकी हैं।
थाना निशातपुरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आग लगने का वास्तविक कारण अज्ञात है, लेकिन प्राथमिक तौर पर इसे शॉर्ट सर्किट से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस और एफएसएल की टीम जांच कर रही है कि कहीं यह किसी की शरारत या साजिश तो नहीं है।

बच गई बड़ी अनहोनी घटनास्थल के पास ही रिहायशी इलाका होने के कारण प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए थे। गनीमत रही कि समय रहते दमकल की गाड़ियों ने मोर्चा संभाल लिया, अन्यथा आग घरों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button