
हैदराबाद के फर्नीचर शोरूम में लगी भीषण आग, 2 बच्चों समेत 5 लोगों की मौत, मचा कोहराम
![]()
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के नामपल्ली इलाके में बड़ा हादसा हुआ है। नामपल्ली में बच्चास फर्नीचर शोरूम की चार मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। इसमें एक बुजुर्ग महिला और दो बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। रविवार को अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के बाद बेसमेंट में फंसे इन लोगों के शव बरामद किए गए हैं। दम घुटने से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगी। पुलिस ने दुकान के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
कब लगी आग?
अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को इमारत में भीषण आग लग गई थी। इसके बाद इमारत के बेसमेंट में फंसे पांच लोगों को बचाने के लिए बचाव अभियान शुरू किया गया। इमारत के बेसमेंट से रविवार को एक बुजुर्ग महिला और दो लड़कों समेत पांच व्यक्तियों के शव बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि उनकी मौत दम घुटने से होने की आशंका है। आग लगने के कारण के बारे में पूछे जाने पर अधिकारी ने कहा कि इसकी जांच की जा रही है।
कैसे इतनी भयावह हुई आग?
तेलंगाना अग्निशमन, आपदा मोचन, आपातकालीन एवं नागरिक सुरक्षा विभाग महानिदेशक विक्रम सिंह मान ने रविवार को मीडिया को बताया कि इमारत के दो बेसमेंट में फर्नीचर, कच्चा माल, रसायन, प्लास्टिक, गद्दे और फोम जैसे सामान रखे गए थे। उन्होंने बताया कि इसके अलावा बेसमेंट में एक कमरे में एक सुरक्षा गार्ड और उसके परिवार को रहने की जगह दी गई थी। उन्होंने यह भी कहा कि बेसमेंट केवल पार्किंग के लिए बने थे।
आग पर काबू पाया
शनिवार दोपहर आग लगने के बाद पुलिस, अग्निशमन विभाग, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और हैदराबाद आपदा मोचन एवं संपत्ति संरक्षण एजेंसी (एचवाईडीआरएए) सहित कई एजेंसियों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि हालांकि आग पर काबू पा लिया गया था, लेकिन इमारत से उठ रहे घने धुएं के कारण अभियान में कठिनाई आ रही थी।
पीड़ित परिवारों को मदद उपलब्ध कराएगी सरकार
अधिकारियों ने पहले बताया था कि बेसमेंट में जाने के लिए बने रैंप पर भी सामान रखा हुआ था। इससे बचाव कर्मियों के लिए वहां पहुंचना मुश्किल हो गया। उन्होंने बताया कि इमारत में फंसे व्यक्तियों में एक सुरक्षा गार्ड के परिवार के सदस्य और अन्य कर्मचारी शामिल थे। परिवहन और हैदराबाद जिले के प्रभारी मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने घटना पर दुख जताते हुए रविवार को कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों को मदद उपलब्ध कराएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को दुकान मालिक के खिलाफ अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने को लेकर आपराधिक मामला दर्ज करने के निर्देश दिए।







