भोपालमध्य प्रदेश

तेज रफ्तार जेसीबी ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौके पर मौत; दो दोस्त घायल

तेज रफ्तार जेसीबी ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौके पर मौत; दो दोस्त घायल

सूखी सेवनिया: सब्जी लेने निकले थे तीन दोस्त, इमलिया हाईवे पर हुआ दर्दनाक हादसा

भोपाल, यशभारत। राजधानी के सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत इमलिया हाईवे पर गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक तेज रफ्तार जेसीबी ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 19 वर्षीय बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो अन्य दोस्त घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी जेसीबी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर वाहन को जब्त कर लिया है।

सब्जी लेने जा रहे थे तीनों दोस्त
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अभिषेक कुशवाह (19), निवासी इमलिया कॉलोनी के रूप में हुई है। अभिषेक पेशे से मजदूर था और अपने छह भाइयों में दूसरे नंबर का था। गुरुवार रात वह अपने दो दोस्तों, राजा और भोला के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर सब्जी लेने के लिए निकला था। जैसे ही उनकी बाइक इमलिया हाईवे पर पहुँची, सामने से आ रही एक अनियंत्रित जेसीबी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

मौके पर ही थम गईं सांसें
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहे अभिषेक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, पीछे बैठे उसके दोनों दोस्त टक्कर लगते ही दूर जा गिरे, जिससे उन्हें मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने पुलिस को सूचना दी।

सीमेंट फैक्ट्री की है जेसीबी, चालक फरार
मृतक के पड़ोसी गौरव मीणा ने बताया कि टक्कर मारने वाली जेसीबी मुगालिया स्थित एक सीमेंट फैक्ट्री की है। दुर्घटना के तुरंत बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस की सक्रियता से वाहन का नंबर ट्रेस कर लिया गया और पुलिस ने जेसीबी को जब्त कर थाने में खड़ा करवा लिया है।
हमने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जेसीबी को कब्जे में ले लिया गया है, हालांकि चालक अभी फरार है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। – थाना प्रभारी, सूखी सेवनिया

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button