भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल के महावीर नगर में 177 स्वयंसेवकों का भव्य पथ संचलन

भोपाल के महावीर नगर में 177 स्वयंसेवकों का भव्य पथ संचलन, ‘पंच परिवर्तन’ का संदेश

भोपाल, यशभारत।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में, तात्या टोपे जिले के महावीर नगर स्थित शिवाजी बस्ती में रविवार को एक विशाल और अनुशासित पथ संचलन का आयोजन किया गया। 177 स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में कदमताल करते हुए लगभग ढाई किलोमीटर की यात्रा पूरी की, जिससे पूरे क्षेत्र में राष्ट्रीय चेतना और अनुशासन का अद्भुत माहौल बन गया।

पथ संचलन लिंक रोड नंबर 2 स्थित हनुमान मंदिर एवं बाल उद्यान से प्रारंभ हुआ और अर्जुन नगर, सरस्वती शिशु मंदिर, दुर्गा नगर, 106 की लाइन तथा पांच नंबर क्षेत्र से होते हुए पुनः बाल उद्यान पर सम्पन्न हुआ।

IMG 20251012 WA0026

आत्मपरिवर्तन से समाज परिवर्तन: जिला प्रचारक धर्मेंद्र सोनकिया

कार्यक्रम में स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन करते हुए तात्या टोपे जिला के जिला प्रचारक धर्मेंद्र सोनकिया ने शताब्दी वर्ष के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा, “संघ का शताब्दी वर्ष केवल उत्सव नहीं, बल्कि समाज परिवर्तन की दिशा में एक संकल्प यात्रा है। पंच परिवर्तन की यात्रा भाषणों का विषय नहीं, बल्कि आत्मपरिवर्तन से समाज परिवर्तन का मार्ग है।”

सोनकिया ने पथ संचलन को शक्ति प्रदर्शन मानने से इंकार करते हुए कहा कि यह “उन स्वयंसेवकों के वर्षभर के परिश्रम और अनुशासन का उत्सव है।”

आयरनमैन प्रवीण सपकाल बने मुख्य अतिथि

इस गरिमामय आयोजन में आयरनमैन एवं सहनशक्ति कोच प्रवीण सपकाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। श्री सपकाल, जो मध्यप्रदेश के पहले आयरनमैन (फुकेट, थाईलैंड, 26 नवम्बर 2017) हैं, खेल पोषण विशेषज्ञ और सुपर एथलीट बाइसिकल मेयर भोपाल के संस्थापक भी रह चुके हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिवक्ता एवं नगर कार्यवाह मथुरा प्रसाद राजपूत ने की।

पथ संचलन के दौरान सड़कों के दोनों ओर खड़े नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर और जयघोष के साथ स्वयंसेवकों का भव्य स्वागत किया। देशभक्ति के गीतों और नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रभावना से ओतप्रोत हो गया, जो संघ के प्रति समाज के समर्थन और उत्साह को दर्शाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button