कृषि उपज मंडी गेट के सामने अनाज व्यापारी को रॉड मारकर 19 लाख की लूट
पुलिस के लिए चुनौती, लूट से व्यापारी सुरक्षा को लेकर चिंतित

जबलपुर यश भारत। विजयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कृषि उपज मंडी में आज उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अनाज व्यापारी से दिनदहाड़े 19 लाख रुपए लूट लिए गए। पीड़ित अनाज व्यापारी सतीश उर्फ़ सत्तू केसरवानी ने बताया कि किसानों को पैसे देने के लिए उनके कर्मचारी बैंक से 19 लाख रुपए निकालकर मंडी लेकर आ रहे थे। जैसे ही कर्मचारी मंडी के गेट नंबर एक के सामने पहुंचा तभी, एक्सेस गाड़ी पर सवार होकर आए दो अज्ञात युवकों ने उन पर रॉड से हमला कर दिया और उनके पास रखे 19 लाख रुपए छीनकर मौके से फरार हो गए। इस हमले के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। इस पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है जिसमे लूट के बाद एक्सेस गाड़ी में सवार लुटेरे भागते नज़र आ रहे है।
लूट की वारदात से व्यापारियों में भारी आक्रोश
दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात से व्यापारियों का गुस्सा भड़क गया। आक्रोशित व्यापारियों ने मंडी का गेट बंद कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। व्यापारियों का कहना है कि पुलिस की लचर कार्यप्रणाली से असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद है।
पुलिस जुटी तलाश में
एडिशनल एसपी आयुष गुप्ता के अनुसार एक्सेस गाड़ी सवार लुटेरों ने अनाज व्यापारी के कर्मचारी के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया है। लुटेरे युवक कौन थे, इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी प्राप्त नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस ने मामला कायम कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।







