कटंगी रोड पर हाईवा और मिनी ट्रक में भिड़ंत, दो घायल
नग्ना तिराहा के पास हादसा, हाईवा चालक मौके से फरार

जबलपुर,यशभारत। माढोताल थाना अंतर्गत कटंगी रोड स्थित नग्ना तिराहा के पास सोमवार सुबह एक हाईवा और मिनी लोडिंग ट्रक के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में मिनी ट्रक सवार बनखेड़ी निवासी अमन कोल उम्र 30 वर्ष और सागर कोल उम्र 20 वर्ष घायल हो गए। दुर्घटना के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मिनी लोडिंग ट्रक इंद्राना से ईंट लोड कर जबलपुर की ओर आ रहा था, जबकि हाईवा जबलपुर से कटंगी की दिशा में जा रहा था। नग्ना तिराहा के पास दोनों वाहनों की तेज रफ्तार के चलते जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि मिनी ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद मार्ग पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल पहुंचाया। पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था बहाल कराने में जुटी रही। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मुख्य मार्ग पर अव्यवस्थित रूप से ट्रकों के खड़े रहने के कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मार्ग पर खड़े भारी वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार हाईवा चालक की तलाश शुरू कर दी है।







