अशोका गार्डन में टूटा नाला चैंबर बना राहगीरों के लिए खतरा – रहवासियों ने कई बार की शिकायत लेकिन कोई कार्रवाई नहीं

अशोका गार्डन में टूटा नाला चैंबर बना राहगीरों के लिए खतरा
– रहवासियों ने कई बार की शिकायत लेकिन कोई कार्रवाई नहीं
भोपाल यशभारत। अशोका गार्डन वार्ड 71 के थाने के पास 80 फीट रोड के मॉर्डन इंग्लिश क्लॉस के पास नाले का चैंबर 10 दिन से टूटा पड़ा है। राहगीरों और स्थानीय लोगों का कहना है कि यह चैंबर न केवल आवागमन में बाधा डाल रहा है बल्कि दुर्घटना का भी बड़ा कारण बन गया है। कई लोग इसमें गिर चुके हैं और कुछ तो रात में घायल भी हो चुके हैं।
रहवासियों की शिकायत का असर नहीं
स्थानीय रहवासियों ने बताया कि उन्होंने कई बार वार्ड प्रभारी, पार्षद से शिकायत की है, लेकिन अब तक किसी भी तरह का निराकरण नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि यह नाला चैंबर नगर निगम की कचरा उठाने वाली गाड़ी के चलते टूटा है। वासियों का कहना है कि नाले के टूटा होने से न सिर्फ राहगीरों को खतरा है, बल्कि वाहन चालक भी दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं। लोगों का कहना है कि हम रोज सुबह और शाम इस रास्ते से निकलते हैं। कई लोग इसमें गिर चुके हैं, और किसी दिन बड़ी दुर्घटना हो सकती है। जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता चिंता बढ़ा रही है।
नगर निगम और प्रशासन पर उठ रहे सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम और संबंधित विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। जबकि कई बार शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन अभी तक नाले के टूटे हुए चैंबर की मरम्मत नहीं हुई। वासियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही इस पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शन कर सकते हैं।
खतरे के बावजूद हालात जस के तस
स्थानीय लोग बताते हैं कि नाले का टूटा चैंबर न केवल पैदल मार्ग को प्रभावित कर रहा है, बल्कि आसपास के इलाके में कचरे और गंदगी का भी जमाव बढ़ा है। बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह और भी खतरनाक साबित हो सकता है। राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों ने प्रशासन से तुरंत मरम्मत और सुरक्षा के लिए चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है।







