खेलते-खेलते मौत के करीब पहुंची 10 महीने की मासूम, बाल्टी में डूबने से गई जान

खेलते-खेलते मौत के करीब पहुंची 10 महीने की मासूम, बाल्टी में डूबने से गई जान
भोपाल, यशभारत। राजधानी के शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र के ईदगाह हिल्स में एक रूह कंपा देने वाला हादसा सामने आया है। यहाँ पीएनबी कॉलोनी में रहने वाले करण सिंह जाटव की 10 महीने की बेटी की पानी से भरी बाल्टी में डूबने से मौत हो गई। घटना उस वक्त हुई जब मां किचन में काम कर रही थी और बच्ची रेंगते हुए बाथरूम तक पहुंच गई।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात करीब 10:30 बजे बच्ची घर में खेल रही थी। मां रसोई के काम में व्यस्त थी। जब काफी देर तक बच्ची की आवाज नहीं आई, तो मां ने अपने 5 साल के बेटे से पूछा, लेकिन उसे जानकारी नहीं थी। तलाशते हुए जब मां बाथरूम पहुंची, तो वहां का नजारा देख चीख निकल गई। मासूम बच्ची बाल्टी में सिर के बल डूबी हुई थी और उसके पैर ऊपर थे।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम चुकी थीं सांसें
परिजन बच्ची को लेकर तुरंत हमीदिया अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, मासूम का शरीर नीला पड़ चुका था, जिसका मतलब है कि फेफड़ों में पानी भरने से दम घुट गया था। गुरुवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
शाहजहांनाबाद पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस का कहना है कि फोरेंसिक टीम ने मौके का मुआयना किया है ताकि किसी भी तरह की अनहोनी या साजिश के एंगल को खारिज किया जा सके। परिजन अभी गहरे सदमे में हैं, इसलिए उनके विस्तृत बयान दर्ज होना बाकी हैं। शुरुआती जांच में यह पूरी तरह से एक दुखद दुर्घटना नजर आ रही है।







