जबलपुरमध्यप्रदेश

खेल के क्षेत्र में और काम करना चाहती हूं,पीटी उषा

जबलपुर, यश भारत। भारतीय ओलंपिक संघ की प्रथम महिला अध्यक्ष  पीटी उषा ने कहा कि उन्हें पद्म श्री सहित कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है और वे 78 अंतरराष्ट्रीय पदक जीत चुकी हैं। राज्यसभा सदस्य बनने का प्रस्ताव मिलना भी उनके लिए आश्चर्यजनक था, लेकिन उनकी प्राथमिकता आज भी खेल के क्षेत्र में काम करना और भारत का नाम देश-विदेश में रोशन करना है। वे मध्यप्रदेश ओलंपिक संघ द्वारा आयोजित स्वागत एवं सम्मान समारोह को संबोधित कर रही थीं। कार्यक्रम की शुरुआत में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीकि, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, अखिलेश जैन और संजय सेठ सहित अन्य अतिथियों ने पीटी उषा का शॉल, श्रीफल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया। इससे पहले डुमना विमानतल पर भी ओलंपिक संघ की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया। मध्यप्रदेश ओलंपिक संघ के सचिव दिग्विजय सिंह ने पीटी उषा की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि एक छोटे से गांव से निकलकर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश को गौरवान्वित किया। ओलंपिक में सेकंड के सौवें हिस्से से पदक चूकने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और खेलों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम किया। उन्होंने बताया कि पीटी उषा आज भी अपनी अकादमी के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करने में जुटी हैं। राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीकि ने उनके व्यक्तित्व और सहज व्यवहार की प्रशंसा की। वहीं, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि पीटी उषा जैसी महान हस्तियां देश के लिए गर्व का विषय हैं। उन्होंने खेल सुविधाओं के विस्तार और जबलपुर में खेलों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। शहर को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। अपने संबोधन में पीटी उषा ने कहा कि वह 13 वर्ष की उम्र से खेलों से जुड़ी हैं। मॉस्को ओलंपिक में भाग लेने के बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य नई पीढ़ी को खेलों के लिए प्रेरित करना और देश को अंतरराष्ट्रीय मंच पर और अधिक सफलता दिलाना है। समारोह में मध्यप्रदेश बॉक्सिंग संघ के वीरेंद्र ठाकुर, खो-खो संघ के संजय यादव, हॉकी संघ के नितिन ढिमोले, लोक बहादुर, शिशिर तिवारी सहित भोपाल, इंदौर और अन्य शहरों के ओलंपिक संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button