जानलेवा हमले का आरोपी गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस ने कपड़ा बाजार से दबोचा

कटनी, यशभारत। कोतवाली पुलिस ने जानलेवा हमले में फरार चल राहे आरोपी शनि जैन को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने साथी के साथ मिलकर चाकू से हमला किया था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कपड़ा बाजार में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसके मेमोरेण्डम के आधार पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है। कोतवाली थाना प्रभारी राखी पाण्डेय ने बताया कि विगत 13 मई को मनीष सिंह ठाकुर उर्फ चीनी निवासी लखेरा पर चाकू से हमला किया गया था। वह अपने दोस्त से मिलने गर्ग चौराहा गया था। इसी दौरान गोलू ठाकुर निवासी पाठक वार्ड अपने एक अन्य साथी के साथ सुरीली बार गर्ग चौराहा के पास आया। दोनों ने उसके साथ विवाद करते हुए जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया। आरोपी गोलू ठाकुर द्वारा चाकू से उसके सिर पर वार किया गया, जिससे सिर से खून निकलने लगा। वहीं उसके साथी द्वारा भी चाकू से सीने एवं बाएं पैर की जांघ पर वार किए गए। दोस्तों द्वारा बीच बचाव करने पर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल की रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की। प्रकरण का आरोपी गोलू ठाकुर, जो पूर्व से भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है तथा अन्य मामलों में फरार चल रहा था को पुलिस ने 7 अगस्त को गिरफ्तार किया था। पुलिस रिमाण्ड के दौरान पूछताछ में गोलू ठाकुर ने अपने साथी शनि जैन के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी के मेमोरेण्डम के आधार पर शनि जैन को प्रकरण में नामजद आरोपी बनाया गया।
दिल्ली में छिपे होने की मिली थी जानकारी
प्रकरण में नाम सामने आने के बाद पुलिस टीम द्वारा आरोपी शनि जैन निवासी कपड़ा बाजार की लगातार तलाश की गई। पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी लेकिन पुलिस की भनक लगते ही आरोपी अपने फरार हो गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर पतासाजी की गई। इस दौरान आरोपी के दिल्ली में होने की जानकारी मिली, जिसके आधार पर उसकी तलाश जारी रखी गई। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिलने पर कपड़ा बाजार में घेराबंदी कर आरोपी शनि जैन को दबोच लिया गया। आरोपी की गिरफ्तारी में कोतवाली थाना प्रभारी राखी पाण्डेय, एएसआई रामेश्वर प्रसाद पटेल, आरक्षक अमित सिंह एवं उपेन्द्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






