भोपालमध्य प्रदेश

परिवहन विभाग की महिला इंस्पेक्टर की हथौड़े से हत्या, आरोपी मित्र ने भी फांसी लगाकर दी जान

परिवहन विभाग की महिला इंस्पेक्टर की हथौड़े से हत्या, आरोपी मित्र ने भी फांसी लगाकर दी जान

भोपाल, यश भारत। राजधानी के खजूरी सड़क थाना क्षेत्र में दतिया में पदस्थ परिवहन विभाग (RTO) की महिला निरीक्षक मीनाक्षी गोखले की हथौड़े से वार कर नृशंस हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी ने भी घर से कुछ दूरी पर पेड़ से लटककर खुदकुशी कर ली।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका मीनाक्षी गोखले का तलाक हो चुका था और उनकी तीन साल की एक मासूम बेटी है। मीनाक्षी की पवन नाम के व्यक्ति से पुरानी दोस्ती थी। देर रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि पवन ने पास रखे हथौड़े से मीनाक्षी पर प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पवन मौके से भाग निकला और कुछ ही दूरी पर पेड़ से फांसी लगा ली।

सूचना मिलते ही खजूरी सड़क थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है ताकि हत्या के सही कारणों का पता लगाया जा सके।

इनका कहना है…

प्रथम दृष्टया महिला की हत्या हथौड़े से मारकर की गई प्रतीत हो रही है। महिला के शव से कुछ ही दूरी पर एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला है, जिसकी पैंट पर खून के निशान हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि उसने हत्या करने के बाद फांसी लगाई है। पूछताछ में आसपास के लोगों ने बताया कि युवक महिला का मित्र था और उससे मिलता-जुलता रहता था।

​पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।

डीसीपी (जोन-4) आदर्शकांत शुक्ला

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button