रेपो रेट स्थिर, महंगाई पर RBI की नजर; फिलहाल राहत के बजाय सतर्कता की नीति
नई दिल्ली,यश भारत

रेपो रेट स्थिर, महंगाई पर RBI की नजर; फिलहाल राहत के बजाय सतर्कता की नीति
नई दिल्ली,यश भारत। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) द्वारा रेपो रेट को 5.25 प्रतिशत पर यथावत रखने और अपनी ‘न्यूट्रल’ नीति बनाए रखने के फैसले पर आनंद राठी ग्रुप के मुख्य अर्थशास्त्री एवं कार्यकारी निदेशक सुजन हाजरा ने कहा कि केंद्रीय बैंक ने फिलहाल सतर्क रुख अपनाया है।
उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था की विकास दर मजबूत बनी हुई है, लेकिन ब्याज दरों में आगे कटौती की गुंजाइश अब सीमित नजर आ रही है। ऐसे में महंगाई एक बार फिर आरबीआई की सबसे बड़ी चिंता बन गई है। असमान मानसून, खाद्य वस्तुओं की कीमतों में दोबारा बढ़ता दबाव और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव ने महंगाई के अनुमान को अनिश्चित बना दिया है।सुजन हाजरा के अनुसार, इन परिस्थितियों में आरबीआई जल्दबाजी में कोई फैसला लेने के बजाय आर्थिक संकेतकों पर नजर रखेगा और स्पष्ट परिस्थितियां बनने के बाद ही आगे की नीति तय करेगा। उन्होंने कहा कि बाजारों के लिए नीतिगत स्थिरता सकारात्मक संकेत है। हालांकि, शेयर बाजार में दीर्घकालिक मजबूती केवल ब्याज दरों पर नहीं, बल्कि कॉरपोरेट आय में सुधार, निवेश गतिविधियों में तेजी और घरेलू निवेशकों के मजबूत निवेश प्रवाह पर निर्भर करेगी।







