
यश भारत ब्रेकिंग,, दतिया में फिर कांग्रेस का परचम, भाजपा 6056 वोटों से हारी; नरोत्तम मिश्रा के बूथ पर भी पिछड़ी पार्टी
दतिया,,यशभारत। विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने एक बार फिर भाजपा को बड़ा झटका दिया है। मतगणना के अंतिम परिणाम में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने भाजपा के आशुतोष तिवारी को 6056 वोटों से हराकर जीत दर्ज की। चुनाव परिणाम ने भाजपा के लिए चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के प्रभाव वाले क्षेत्र में भी पार्टी को अपेक्षित समर्थन नहीं मिल सका।
नरोत्तम मिश्रा के पोलिंग बूथ नंबर 121 पर कांग्रेस को 291 वोट मिले, जबकि भाजपा को 264 वोट मिले। यहां कांग्रेस ने 27 वोटों की बढ़त बनाई। हार के बाद भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने कहा कि पार्टी हार की समीक्षा करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को मां कहने वाले कुछ लोगों ने ही धोखा दिया।
दतिया सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को सजा मिलने के बाद खाली हुई थी। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भारती ने नरोत्तम मिश्रा को 7742 वोटों से हराया था। उपचुनाव में कांग्रेस की जीत ने क्षेत्र में पार्टी की पकड़ को मजबूत किया है। कांग्रेस नेताओं ने इसे जनता के भरोसे की जीत बताया है।






