कटनी

इलाज में देरी से गई महिला की जान, परिजनों का हंगामा, ड्यूटी डॉक्टर पर लगाए लापरवाही के आरोप, स्लीमनाबाद अस्पताल में मानवता शर्मशार

कटनी, यशभारत। सडक़ दुर्घटना में घायल महिला की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्लीमनाबाद में समय पर उपचार नहीं मिलने की वजह से मौत का मामला सामने आया है। महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं और वहां पर मृतक महिला के साथ किए गए अमानवीय कृत्य के आरोप लगाए हैं। परिजनों के मुताबिक महिला करीब चार घंटे तक इलाज के इंतजार में तड़पती रही और ड्यूटी डॉक्टर मौके पर मौजूद नहीं थे। परिजनों ने अस्पताल स्टाफ पर मृतिका के गहने नोंचकर उतारने के आरोप लगाए हंै। वहीं मौत की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल में मौजूद डॉ. आयुषी से परिजनों की कहासुनी भी हुई। जानकारी के अनुसार स्लीमनाबाद और ग्राम कौडिय़ा के बीच एक दर्दनाक सडक़ हादसे में गंभीर रूप से घायल 26 वर्षीय लक्ष्मी बाई पति हजारी लाल राजपाल की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से आक्रोशित सैकड़ों की संख्या में परिजनों और ग्रामीणों ने स्लीमनाबाद अस्पताल परिसर का घेराव कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
परिजनों का आरोप
परिजनों का आरोप है कि ऑटो से मायके से ससुराल लौटते समय हुए हादसे के बाद वे घायल लक्ष्मी बाई को तुरंत शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे थे। लेकिन ड्यूटी डॉक्टरों की गैरमौजूदगी के कारण करीब 4 घंटे तक उसे समय पर प्राथमिक उपचार नहीं मिल सका। डॉक्टरों की अनुपस्थिति और समय पर इलाज या रेफर न किए जाने के कारण महिला की सांसें थम गईं। इस दौरान परिजनों की डॉक्टर से तीखी कहासुनी और अभद्रता की बातें भी सामने आई हैं। आक्रोश तब और बढ़ गया जब परिजनों ने आरोप लगाया कि मृतिका के गले से सोने की चेन, ज्वेलरी गायब है और कान फटे हुए मिले। परिजनों का दावा है कि महिला के गहने जबरन निकाले गए हैं।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना के बाद सुबह से ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए मर्ग कायम कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों द्वारा आक्रोशित ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कराया गया।
इनका कहना है
बीएमओ आनंद अहिरवार ने बताया कि घटना के समय अनुराग शुक्ला और डॉ दिव्या की ड्यूटी थी लेकिन दोनों मौके पर मौजूद नहीं थे। उन्होंने यह भी बताया कि डॉ अनुराग शुक्ला को पहले भी लापरवाही के मामले में नोटिस दिए जा चुके हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की मौत का वास्तविक कारण और उपचार में लापरवाही के आरोप जांच व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होंगे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button