जबलपुर के स्टेमफील्ड इंटरनेशनल स्कूल के 40 छात्रों से मिले मुख्यमंत्री: बच्चों ने उपहार में दिया इसरो रॉकेट, सीएम ने दिए सफलता के मंत्र

जबलपुर के स्टेमफील्ड इंटरनेशनल स्कूल के 40 छात्रों से मिले मुख्यमंत्री: बच्चों ने उपहार में दिया इसरो रॉकेट, सीएम ने दिए सफलता के मंत्र
भोपाल, यश भारत। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से बुधवार को विधानसभा परिसर में जबलपुर के स्टेमफील्ड इंटरनेशनल स्कूल के 11वीं और 12वीं कक्षा के 40 मेधावी छात्रों ने विशेष मुलाकात की। लगभग 25 मिनट तक चली इस आत्मीय और ज्ञानवर्धक चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ अपने प्रशासनिक अनुभव साझा किए और उन्हें सफलता के अनमोल मंत्र दिए।

कौशल विकास प्रयोगशाला में तैयार किया इसरो रॉकेट किया भेंट
मुलाकात का सबसे खास आकर्षण छात्रों द्वारा तैयार किया गया मॉडल रहा। कौशल बोध पहल के तहत स्कूल की कौशल विकास प्रयोगशाला में विद्यार्थियों ने अपनी तकनीकी सोच और रचनात्मकता का परिचय देते हुए इसरो के पीएसएलबी रॉकेट का एक सुंदर मॉडल खुद तैयार किया था, जिसे उन्होंने मुख्यमंत्री को उपहार स्वरूप भेंट किया। बच्चों की इस अद्भुत प्रतिभा को देखकर मुख्यमंत्री काफी प्रभावित हुए और उन्होंने सभी के उज्ज्वल भविष्य की सराहना की।

गलतियों से सीख और विज्ञान पर रोचक चर्चा
संवाद के दौरान एक छात्र ने जिज्ञासावश पूछा कि उन्होंने अब तक अपनी जिंदगी में गलतियों से क्या सीखा है? इस पर मुख्यमंत्री ने बेहद सहज अंदाज में समझाया कि जीवन में परिस्थितियां ही इंसान को सबसे ज्यादा सिखाती हैं। गलतियां हमें रोकती नहीं हैं, बल्कि जीवन में और अधिक बेहतर बनने का सही रास्ता दिखाती हैं।
चर्चा के दौरान विज्ञान और पर्यावरण से जुड़े विषयों पर भी खुलकर बात हुई। हवा के महत्व पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने बच्चों को समझाया कि यदि हवा न हो, तो हम एक-दूसरे की आवाज भी नहीं सुन सकते; हवा ही है जो ध्वनि तरंगों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाती है।

विधानसभा की कार्यप्रणाली से हुए रूबरू
इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान छात्रों ने मध्य प्रदेश विधानसभा की बारीकियों को भी करीब से जाना और सदन की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया।सीेएम से छात्रों की इस अनूठी मुलाकात के लिये विधायक अशोक रोहाणी मुख्य सहयोग रहा। इस अवसर पर स्कूल के एमडी पर्व जायसवाल स्कूल के प्रिंसिपल मनमीत कोहली सहित शिक्षक अंशू सिंह, पूर्वा तिवारी, वैशाली गाडगिल, हसन मुज्तबा और हेतुल जाथवा विशेष रूप से उपस्थित रहे।








