देश

खुले रेलवे फाटक ने ली दो मासूमों की जान, मुर्शिदाबाद में ट्रेन की टक्कर से स्कूल वैन के उड़े परखच्चे

रेलवे गेटमैन की भूमिका भी जांच के दायरे में

कोलकाता/मुर्शिदाबाद। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे में दो स्कूली बच्चों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। बहरामपुर थाना क्षेत्र में कर्णसुबर्णा और गोविंदपुर रेलवे स्टेशनों के बीच एक स्कूल वैन की निमटिटा-कटवा पैसेंजर ट्रेन से टक्कर हो गई। हादसे के बाद वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के समय रेलवे फाटक खुला हुआ था और बच्चों से भरी निजी स्कूल वैन रेल क्रॉसिंग पार कर रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार पैसेंजर ट्रेन आ गई और वैन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक साइकिल सवार भी ट्रेन की चपेट में आ गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ देर पहले एक अपलाइन ट्रेन गुजरने के बाद रेलवे फाटक खोल दिया गया था, जबकि दूसरी ट्रेन आने वाली थी। ऐसे में यह सवाल उठ रहे हैं कि दूसरी ट्रेन के आने से पहले रेलवे फाटक बंद क्यों नहीं किया गया। घटना के बाद रेलवे गेटमैन की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है।

हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकालकर घायलों को कर्णसुबर्णा ब्लॉक अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल बच्चों को बेहतर इलाज के लिए मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पूर्वी रेलवे ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि एक विशेष जांच दल पूरे मामले की पड़ताल करेगा। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि हादसे के समय गेटमैन ड्यूटी पर मौजूद था या नहीं और रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन हुआ था या नहीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button