बरबटी ग्राम के समीप के खेत में मिला भालू का शव : मौत के कारणों की जांच शुरू

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के धूमा वन परिक्षेत्र अंतर्गत बरबटी ग्राम के समीप सोमवार रात्रि एक खेत में वयस्क भालू का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों द्वारा इसकी सूचना वन विभाग को दिए जाने के बाद विभागीय अमला तत्काल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद भालू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल भालू की मौत किन कारणों से हुई है, इसका खुलासा नहीं हो सका है। वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात कुछ ग्रामीणों ने खेत में एक भालू को मृत अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद उन्होंने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी सहित वनकर्मी मौके पर पहुंचे और आसपास के क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया। प्राथमिक जांच में भालू के शरीर पर किसी स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही सामने आ सकेगा।
वन विभाग के रेंजर आकाश परोहा का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि भालू की मौत बीमारी, करंट, विषाक्त पदार्थ के सेवन, आपसी संघर्ष या किसी अन्य कारण से हुई है। यदि किसी प्रकार की संदिग्ध परिस्थिति सामने आती है तो मामले की विस्तृत जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि धूमा वन परिक्षेत्र और इसके आसपास का क्षेत्र घने जंगलों से जुड़ा हुआ है, जहां भालू सहित तेंदुआ, हिरण, जंगली सूअर और अन्य वन्यजीवों की अच्छी संख्या पाई जाती है। भोजन और पानी की तलाश में वन्यजीव अक्सर जंगल से निकलकर खेतों और गांवों के आसपास पहुंच जाते हैं।
ऐसे में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं भी समय-समय पर सामने आती रहती हैं।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि किसी वन्यजीव के घायल, बीमार या संदिग्ध अवस्था में होने की जानकारी मिले तो स्वयं उसके पास जाने या छेड़छाड़ करने के बजाय तत्काल विभाग को सूचना दें। अधिकारियों का कहना है कि वन्यजीवों की सुरक्षा और संरक्षण सभी की साझा जिम्मेदारी है तथा समय पर सूचना मिलने से कई बार उनकी जान बचाई जा सकती है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।







