पाटन में भीषण सड़क हादसा: तीन बाइकों की टक्कर में एक की मौत, 4 गंभीर घायल
सामने से टकराईं दो बाइक, पीछे से तीसरी ने मारी टक्कर

जबलपुर,यशभारत। जबलपुर के पाटन थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम मेढ़ी झामर के पास तीन तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की आपस में भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सामने से टकराईं दो बाइक, पीछे से तीसरी ने मारी टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सड़क पर पहले दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हुई। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रही तीसरी बाइक भी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
दंपति और बेटी भी घायल
हादसे में शहपुरा मगरमुहा निवासी अजय चौधरी और उनकी पत्नी सहित दो साल की मासूम बेटी महक भी घायल हो गए। सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए पाटन के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में एक को मृत घोषित किया
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने एक घायल सिमरिया बेलखाड़ू निवासी राकेश ठाकुर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, एक अन्य घायल की हालत बेहद गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है। बाकी घायलों का उपचार पाटन अस्पताल में जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त तीनों वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में शामिल सभी लोग अलग-अलग गांवों के निवासी बताए जा रहे हैं।







