जबलपुरमध्य प्रदेश

अमरनाथ यात्रा पंजीकरण के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़,PNB रामपुर शाखा में अव्यवस्था से लोग परेशान

एकमात्र अधिकृत बैंक शाखा होने के कारण रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंचे

जबलपुर, यशभारत। बाबा अमरनाथ के दर्शन के लिए संस्कारधानी के श्रद्धालुओं में इस वर्ष खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। यात्रा के अग्रिम पंजीकरण की शुरुआत होते ही बड़ी संख्या में भक्त रजिस्ट्रेशन कराने के लिए पहुंचने लगे हैं। 15 अप्रैल से शुरू हुए ऑफलाइन पंजीकरण के पहले ही दिन जबलपुर के रामपुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई से प्रारंभ होने वाली अमरनाथ यात्रा के लिए अग्रिम ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की जिम्मेदारी केवल PNB को सौंपी गई है। शहर में एकमात्र अधिकृत बैंक शाखा होने के कारण यहां रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जिससे बैंक परिसर के बाहर लंबी कतारें लग गईं और अव्यवस्था की स्थिति निर्मित हो गई।

श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया कि बैंक प्रबंधन द्वारा पंजीकरण के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं नहीं की गईं। खासकर महिला श्रद्धालुओं के लिए अलग काउंटर या पृथक लाइन की कोई व्यवस्था नहीं होने से उन्हें भी चिलचिलाती धूप में लंबा इंतजार करना पड़ा। कई लोगों ने घंटों कतार में खड़े रहने के बाद भी अपनी बारी आने में देरी की शिकायत की। भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई। पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभालते हुए लोगों को व्यवस्थित तरीके से लाइन में लगवाया।

श्रद्धालुओं का कहना है कि अमरनाथ यात्रा को लेकर लोगों में भारी उत्साह है, ऐसे में प्रशासन और बैंक प्रबंधन को पहले से बेहतर इंतजाम करने चाहिए थे, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button