सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सिरौजा (बमोरी तिराहा) में बीती रात एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक शादी समारोह के दौरान बरसों पुराने विवाद ने अचानक तूल पकड़ लिया, जिसके परिणामस्वरूप एक व्यक्ति की पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी गई, वहीं उसका भतीजा जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
यश भारत के संभागीय ब्यूरो को मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बाग खैजरा में एक वैवाहिक कार्यक्रम आयोजित था, जिसमें शामिल होने के लिए बबलू पांडे गए हुए थे। समारोह के दौरान ही उनका सामना दूसरे पक्ष से हुआ और देखते ही देखते करीब 25-30 साल पुराना कोई रंजिश भरा विवाद फिर से गहरा गया। वहां मौजूद रिश्तेदारों और परिजनों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया और बबलू पांडे को सुरक्षित उनके घर भेज दिया था।
विवाद यहीं शांत नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि जब बबलू पांडे के भाई प्रदीप पांडे और भतीजा रचित (रजत) पांडे मौके पर पहुंचे, तो दूसरे पक्ष के करीब आधा दर्जन लोगों ने पूर्व नियोजित तरीके से उन पर धावा बोल दिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों से प्रदीप पांडे और रचित पर ताबड़तोड़ वार किए। हमले की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रदीप पांडे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े और बेदम हो गए।
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के दौरान प्रदीप पांडे ने दम तोड़ दिया, जिससे शादी वाले घर में मातम पसर गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल रचित पांडे की स्थिति नाजुक बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है, जहाँ उसकी हालत कोमा जैसी बताई जा रही है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
वारदात की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस सक्रिय हुई और मौके का मुआयना किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी अनिल पांडे सहित पांच अन्य लोगों के खिलाफ हत्या और जानलेवा हमले की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। टी आई आनंद सिंह ने यश भारत के संभागीय ब्यूरो को बताया कि घटना के दोषी सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है ताकि विवाद की असल जड़ और संलिप्त अन्य चेहरों को बेनकाब किया जा सके।
Back to top button