जबलपुरमध्य प्रदेश

यशभारत ब्रेकिंग: गुजराती मोहल्ले में भीषण आग, 10–15 झुग्गियां जलीं;क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल

अधारताल थाना क्षेत्र के गुजराती मोहल्ला की घटना,लाखों का नुकसान, 6 दमकलों ने पाया काबू

जबलपुर, यशभारत। अधारताल थाना क्षेत्र के गुजराती मोहल्ला में मंगलवार तड़के करीब 5 बजे भीषण आग लगने से 10 से 15 झुग्गी-झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में कई झुग्गियां इसकी चपेट में आ गईं। हादसे में झोपड़ियों में रखा लाखों रुपये का सामान और पुराने कपड़ों का स्टॉक जलकर नष्ट हो गया।

सुबह 5 बजे लगी आग

सूचना मिलते ही नगर निगम की फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली। घटना के दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अधिकांश लोग उस समय सो रहे थे, तभी अचानक आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई, लेकिन उनकी पूरी गृहस्थी का सामान आग की भेंट चढ़ गया।

50 वर्षों से रह रहे परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट

05 8

जानकारी के मुताबिक गुजराती मोहल्ले में करीब 15 परिवार पिछले लगभग 50 वर्षों से अपने प्लॉट पर झुग्गी-झोपड़ी बनाकर रह रहे हैं और पुराने कपड़े बेचकर जीवन यापन करते हैं। आग इतनी भीषण थी कि सभी झुग्गियां पूरी तरह जलकर राख हो गईं। इस हादसे में करीब 8 से 10 लाख रुपये की क्षति का अनुमान लगाया जा रहा है।

पीड़ित परिवारों का कहना है कि आग में उनका सब कुछ जल गया है, जिससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

कपड़ों के भारी स्टॉक से आग ने लिया विकराल रूप

06 4

जानकारी के अनुसार गुजराती समाज के करीब 15 परिवार लंबे समय से पुराने कपड़े खरीदकर उन्हें बेचने का कारोबार करते हैं। झुग्गी-झोपड़ियों में बड़ी मात्रा में पुराने कपड़ों का स्टॉक रखा हुआ था। इसी कारण आग तेजी से फैल गई और उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। बताया जा रहा है कि यदि समय रहते दमकल कर्मियों ने आग पर नियंत्रण नहीं पाया होता तो यह हादसा और भी बड़ा रूप ले सकता था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button