रंगोत्सव पर बच्चों ने कलेक्टर संग खेली रंगों की होली, आसरा बाल गृह के बच्चों ने कलेक्टर को किया रंगों से सराबोर, बच्चों ने चलाई पिचकारियां, मची रंग-गुलाल की धूम

कटनी, यशभारत। रंगों के पर्व होली पर कलेक्टर आशीष तिवारी बच्चों के साथ बच्चे बने नजर आए। उन्होंने आसरा बाल गृह के बच्चों की नटखट टोली के साथ कलेक्टर निवास में रंग और गुलाल की जमकर होली खेली और बच्चों की खुशियों में शामिल हुए। बच्चों ने यहां गुझिया, जलेबी, खस्ता,कचौड़ी, आलू टिकिया -मटर चाट, पानी पूरी, आइसक्रीम सहित भांति-भांति के लजीज व्यंजनों और मिठाईयों का ज़ायका लिया। इस दौरान जिले के कई प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा,निगमायुक्त तपस्या परिहार,अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, एसडीएम कटनी प्रमोद चतुर्वेदी, एसडीएम बहोरीबंद राकेश चौरसिया एवं विजयराघवगढ़ एसडीएम विवेक गुप्ता, संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र पटेल, डिप्टी कलेक्टर प्रदीप मिश्रा , तहसीलदार अजीत तिवारी सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारी ।
कलेक्टर श्री तिवारी ने निज निवास पर आयोजित होली कार्यक्रम में बाल गृह के बच्चों को विशेष तौर पर आमंत्रित किया। जहां कलेक्टर ने बच्चों के साथ करीब 3 घंटे तक जमकर होली खेली। बच्चों की खुशियों में शामिल कलेक्टर श्री तिवारी को, बच्चों ने रंग और गुलाल से सराबोर कर दिया।
बच्चों की खुशी से दोगुना हुआ पर्व का उत्साह
कलेक्टर श्री तिवारी के साथ नटखट अंदाज में होली खेल रहे बच्चों की खुशी देखते ही बनती थी। कलेक्टर ने भी बच्चों के साथ बच्चा बन खेली रंगों की होली। कलेक्टर श्री तिवारी के साथ होली खेलकर बच्चे बेहद खुश हुए।बच्चों की इसी खुशी ने रंगोत्सव के उल्लास और उत्साह को दोगुना कर दिया। कलेक्टर के साथ -साथ जिले के मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने भी बच्चों के साथ होली खेली।
बच्चों के साथ बच्चा बनकर होली का आनंद उठाते अधिकारियों की खुशी भी देखते ही बनती थी। होली खेलने के साथ -साथ बच्चों ने होली के पारंपरिक व्यंजनों सहित चटपटे स्वाद का आनंद उठाया। इस दौरान आसरा बाल गृह के संचालक सहित कलेक्ट्रेट और अन्य विभागीय अधिकारी- कर्मचारी मौजूद रहे।







