दुबई में फंसे भोपाल के इंजीनियर और वैज्ञानिक बोले दुआ कीजिए हमारे लिए, हमे वापस आना है – भोपाल में रह रहे परिजनों ने जताई चिंता, प्रशासन से लगाई मदद की गुहार

दुबई में फंसे भोपाल के इंजीनियर और वैज्ञानिक बोले दुआ कीजिए हमारे लिए, हमे वापस आना है
– भोपाल में रह रहे परिजनों ने जताई चिंता, प्रशासन से लगाई मदद की गुहार


भोपाल, यशभारत।
ईरान द्वारा दुबई के कई इलाकों पर मिसाइल हमले की खबरों के बाद वहां रह रहे भारतीयों, भोपाल के लोगों के परिजनों में गहरी चिंता व्याप्त है। दुबई में कार्यरत इंजीनियर रेहान खान और वैज्ञानिक नवेद खान फंसे हुए है। उन्होंने अपने परिजनों से अपील की है कि वे उनकी सलामती के लिए दुआ करें। अचानक बिगड़े हालात के चलते वहां जनजीवन प्रभावित हो गया है और विमान सेवाएं भी पूरी तरह बंद कर दी गई हैं।

हालात खराब हो चुके हैं
ईदगाह निवासी इंजीनियर नवेद खान दुबई में एक निजी कंपनी में वैज्ञानिक के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने यश भारत से फोन पर बातचीत में बताया कि हमले के बाद से स्थिति बेहद गंभीर हो गई है। हम लोग घरों के भीतर ही हैं। बाहर निकलने की अनुमति नहीं है। सेना ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं, लेकिन माहौल में दहशत साफ महसूस की जा सकती है। दुआ कीजिए कि हम सुरक्षित रहें, हमें वापस भारत आना है, उन्होंने भावुक स्वर में कहा। नवेद ने बताया कि कार्य के सिलसिले में उन्हें हर छह माह में दुबई जाना पड़ता है। हालात अप्रत्याशित रूप से बिगड़ गए। ईरान द्वारा दुबई के प्रसिद्ध इलाके बुर्ज खलीफा सहित अन्य क्षेत्रों में हमले के बाद से प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। उन्होंने बताया कि परिजन लगातार वीडियो कॉल के माध्यम से संपर्क में हैं, लेकिन उड़ानें रद्द होने के कारण फिलहाल स्वदेश लौटना संभव नहीं है। जैसे ही हालात सामान्य होंगे, हम भारत लौट आएंगे।
भाई की सता रही चिंता
गोविंदपुरा निवासी युसूफ खान भी अपने छोटे भाई रेहान खान की सलामती को लेकर चिंतित हैं। रेहान पिछले छह वर्षों से दुबई के बर दुबई क्षेत्र में एक इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं। युसूफ के अनुसार जिस इलाके में हमला हुआ है वह रेहान के निवास स्थान से लगभग 25 किलोमीटर दूर है, लेकिन पूरे शहर में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
युसूफ ने यश भारत ?ो बताया कि शनिवार रात 12 बजे के बाद से इंटरनेट सेवाएं बाधित हो गई हैं और फोन कॉल भी ठीक से नहीं लग पा रही हैं। आखिरी बार जब बात हुई तो रेहान ने बताया कि दुबई के जबल अली इलाके में मिसाइल गिरी है। वहां अफरातफरी मची हुई है और लोग घरों में रहने को मजबूर हैं।
लोग कर रहे सलामती की दुआ
दुबई में मौजूद अन्य भारतीयों ने भी सुरक्षा कारणों से सार्वजनिक गतिविधियां सीमित होने की जानकारी दी है। बाजार, कार्यालय और सार्वजनिक स्थलों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। स्थानीय प्रशासन द्वारा लगातार सुरक्षा घोषणाएं की जा रही हैं और नागरिकों को घरों में रहने की सलाह दी गई है। भोपाल सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में रह रहे परिजन अपने प्रियजनों की सलामती के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। सभी की नजरें हालात सामान्य होने और सुरक्षित वापसी की उम्मीद पर टिकी हैं।






