भाजपा में जितना बड़ा पद उतनी अधिक राशि, आजीवन सहयोग निधि की कहानी, विधायकों और महापौर को देना होगा 5 -5 लाख ?

कटनी, यशभारत। भाजपा के अंदर अब कद के हिसाब से चंदा लिया जा रहा है। पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर प्रारंभ हुआ आजीवन सदस्य अभियान 28 फरवरी तक चलना है। चेक के जरिए चंदा लिया जा रहा है। पार्टी में जिसका जितना बड़ा कद है उससे चंदे की उम्मीद भी उतनी अधिक है। संगठन से लेकर सत्ता में बैठे नेताओं तक से आजीवन सदस्यता निधि संग्रह की जा रही है।
भाजपा सूत्रों के मुताबिक पार्टी ने शहर में बड़ा लक्ष्य तय किया है ऐसे में 5 हजार से लेकर 51 हजार रुपये सामान्य रूप से लिया जा रहा है। छोटे कार्यकर्ताओं से 2100 और 3100 की राशि भी ली जा रही है। इसके ऊपर जो जितना देना चाहे। प्रदेश स्तर पर मंत्री पद वालों से ली जाने वाली राशि उससे कई गुना ज्यादा है, हालांकि कटनी से फिलहाल प्रदेश के मंत्रिमंडल में कोई मंत्री नहीं है। इसके अलावा पदाधिकारियों से भी सदस्यता निधि की राशि के लिए आग्रह किया जा रहा है। बड़े नेताओं के पास वरिष्ठ कार्यकर्ता पहुंच रहे हैं। दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि (11 फरवरी) से भाजपाई चंदा जुटाने में लगे हैं। ये आजीवन सदस्यता निधि है। सामान्यतः एक हजार रुपये से स्वेच्छा और समर्थ के अनुसार जनप्रतिनिधि-कार्यकर्ताओं से सहयोग लिया जाता है। पिछले साल की बात करें तो पार्टी को कटनी जिले के कार्यकर्ताओं से अच्छा कलेक्शन हो गया था। सूत्र बताते हैं कि प्रदेश कार्यालय से जो आंतरिक निर्देश हैं उसके मुताबिक विधायकों से पांच-पांच लाख का सहयोग लिया जाना है। महापौर से भी आजीवन सहयोग निधि की इतनी ही राशि ली जाना है। इस अभियान में जनप्रतिनिधि और पदाधिकारियों पर विशेष सहयोग लिया जा रहा है। पार्टी के जिला पदाधिकारी नेताओं और कार्यकर्ताओं के घर घर जाकर कलेक्शन में जुटे हुए है। चैक के माध्यम से राशि ली जा रही है।
पार्षदों से भी सहयोग
सूत्र बताते हैं कि नगर निगम में एमआईसी और पार्टी के पार्षदों से भी सहयोग लिया जाएगा। प्रदेश की गाइड लाइन के मुताबिक सभी से 51-51 हजार रुपये सहयोग लिया जाना है। हालांकि कटनी में पार्षदों पर संगठन की ओर से कोई दबाव नहीं है। वे स्वेच्छा से जितनी राशि पार्टी फंड में देना चाहें उतनी दे सकते हैं। सूत्र यह भी बताते हैं कि भाजपा युवा मोर्चा के लिए दावेदारी करने वाले पदाधिकारियों को भी सहयोग में बढ़चढ़कर हिस्सा लेने की सलाह दी गई है। अपने वरिष्ठ नेताओं के इशारे पर दावेदारों ने 5 हजार से लेकर 11 और 21 हजार रुपये तक का सहयोग दिया है। कई ने तो इस सहयोग को इंटरनेट मीडिया में प्रसारित किया है ताकि दूसरे भी प्रेरित हों। जिले के शहरी इलाके में ही सबसे ज्यादा सहयोग की उम्मीद की जा रही है। अभियान तो चारों विधानसभा क्षेत्रों में चल रहा है किन्तु मुड़वारा क्षेत्र से ज्यादा कलेक्शन हो सकता है। इसके अलावा मंडल अध्यक्ष और जिला पदाधिकारियों से भी सहयोग लिया जाएगा। कुछ जिला पदाधिकारी सक्षम नहीं है तो उनसे कम अमाउंट की रसीदें कटवाई जा रही हैं। आगामी समय में कटनी विकास प्राधिकरण, एल्डरमैन और जन भागीदारी समितियों में नियुक्तियां होना है। इनके दावेदारों से भी पार्टी संपर्क कर रही है। कुल मिलाकर पार्टी में जिसके पास कोई पद है उसको तो रसीद कटवाना ही है, और जो किसी पद के दावेदारों हैं उनको भी पद मिलने की प्रत्याशा में सहयोग देना है।








