जबलपुरमध्य प्रदेश

पमरे के नए मुखिया को लेकर सस्पेंस बरकरार,रेलवे बोर्ड से प्रवीण शर्मा का नाम चर्चा में

आज सेवानिवृत्त हो रहे महाप्रबंधक

जबलपुर यशभारत। पश्चिम मध्य रेलवे में नए महाप्रबंधक की नियुक्ति को लेकर सस्पेंस की स्थिति बनी हुई है। वर्तमान महाप्रबंधक शोभना बंदोपाध्याय आज सेवानिवृत्त हो रहे हैं लेकिन देर शाम तक आधिकारिक तौर पर नए मुखिया के नाम की घोषणा नहीं हो सकी है। इससे रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। वहीं इस संबंध में यदि रेलवे सूत्रों के मुताबिक रेलवे बोर्ड स्तर पर वरिष्ठ अधिकारी प्रवीण शर्मा का नाम प्रमुखता से सामने आया है। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई औपचारिक आदेश जारी नहीं हुआ है। रेलवे बोर्ड की ओर से अंतिम मुहर लगने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

महत्वपूर्ण जोन है पमरे

बता दें कि पश्चिम मध्य रेलवे जिसका मुख्यालय जबलपुर में है प्रशासनिक और परिचालन दृष्टि से महत्वपूर्ण जोन माना जाता है। वर्तमान में कई बड़े प्रोजेक्ट यात्री सुविधाओं के विस्तार और आधारभूत संरचना विकास के कार्य प्रगति पर हैं। ऐसे में नए महाप्रबंधक की नियुक्ति को लेकर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की निगाहें टिकी हुई हैं।

मंथन अंतिम चरण पर

रेलवे सूत्रों का कहना है कि शीर्ष स्तर पर नाम को लेकर मंथन अंतिम चरण में है और जल्द ही आदेश जारी हो सकता है। जब तक औपचारिक घोषणा नहीं होती, तब तक पमरे में अंतरिम व्यवस्था के तहत प्रशासनिक कार्य संचालित किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

रेलवे बोर्ड निर्णय पर टिकी नजरें

रेलवे कर्मचारियों का मानना है कि नए महाप्रबंधक के सामने लंबित परियोजनाओं को गति देने, यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने और सुरक्षा मानकों को और मजबूत करने की बड़ी चुनौती होगी। फिलहाल सभी की नजरें रेलवे बोर्ड के निर्णय पर टिकी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button