मध्य प्रदेश को मिली दो नई ट्रेनों की सौगात; भोपाल से धनबाद और चोपन के लिए रेल सेवा शुरू

मध्य प्रदेश को मिली दो नई ट्रेनों की सौगात; भोपाल से धनबाद और चोपन के लिए रेल सेवा शुरू
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिखाई हरी झंडी; एमपी के रेल बजट में 24 गुना की ऐतिहासिक वृद्धि
भोपाल, यश भारत। मध्य प्रदेश की रेल कनेक्टिविटी को एक नया विस्तार मिला है। मंगलवार, 24 फरवरी को भोपाल रेलवे स्टेशन से भोपाल धनबाद/चोपन एक्सप्रेस का भव्य शुभारंभ किया गया। इस नई सेवा से मध्य प्रदेश अब उत्तर प्रदेश और झारखंड के प्रमुख औद्योगिक शहरों से सीधे जुड़ गया है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव (वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से) ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर रेल मंत्री ने घोषणा की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश के रेल बजट में अभूतपूर्व वृद्धि की गई है।
मध्य प्रदेश को ₹15,188 करोड़ का ऐतिहासिक बजट
संबोधन के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि वर्ष 2026-27 के बजट में मध्य प्रदेश को ₹15,188 करोड़ आवंटित किए गए हैं, जो पिछले वर्षों की तुलना में 24 गुना अधिक है। वर्तमान में राज्य में ₹1.18 लाख करोड़ की विभिन्न रेल परियोजनाएं प्रगति पर हैं। उन्होंने इंदौर-मनमाड़ नई रेल लाइन (18 हजार करोड़) और इटारसी-भोपाल-बीना चौथी लाइन (4300 करोड़) जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भी जिक्र किया।
औद्योगिक और सामाजिक विकास को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस सौगात के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ये ट्रेनें न केवल यात्रियों के लिए सुगम यात्रा सुनिश्चित करेंगी, बल्कि क्षेत्रीय व्यापार, पर्यटन और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा देंगी। विशेष रूप से सिंगरौली, चोपन और धनबाद जैसे शहरों से जुड़ाव होने के कारण औद्योगिक गतिविधियों में तेजी आएगी।







