विदेश

आधी रात का मौत का मंजर: पोखरा-काठमांडू बस 300 फीट नीचे त्रिशूली नदी में गिरी, 18 की दर्दनाक मौत

टॉर्च की रोशनी में चला रेस्क्यू

काठमांडू,एजेंसी। नेपाल में एक भीषण सड़क हादसे ने हड़कंप मचा दिया। पोखरा से काठमांडू जा रही यात्रियों से भरी बस पृथ्वी हाईवे पर अनियंत्रित होकर करीब 300 फीट नीचे त्रिशूली नदी में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 अन्य घायल हैं। मृतकों में 6 महिलाएं और 12 पुरुष शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रात एक बजे हुआ हादसा

यह दुर्घटना धादिंग जिले के बेनिघाट रोरांग क्षेत्र में रात करीब एक बजे हुई। राहगीरों ने चीख-पुकार सुनकर नीचे झांका तो बस नदी में गिरी दिखाई दी। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।

विदेशी पर्यटक भी चपेट में

घायलों में स्विट्जरलैंड और न्यूजीलैंड के पर्यटक भी शामिल हैं। मृतकों में भी कुछ विदेशी नागरिक बताए जा रहे हैं। जिला प्रशासन ने ट्रैवल एजेंसी से यात्रियों की सूची मंगवाकर पहचान की पुष्टि की है।

टॉर्च की रोशनी में चला रेस्क्यू

दुर्घटनास्थल बेहद दुर्गम होने के कारण बचाव कार्य में भारी मुश्किलें आईं। बचाव दल को टॉर्च की रोशनी में नदी तक पहुंचना पड़ा। घायलों को पहले नाव से करीब एक किलोमीटर दूर ले जाया गया, फिर सड़क तक लाकर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।

करीब 8 महिलाओं, 18 पुरुषों और एक बच्ची समेत 27 लोगों को क्षतिग्रस्त बस से बाहर निकाला गया।

पुलिस-सेना का संयुक्त अभियान

मौके पर नेपाल पुलिस, सेना और सशस्त्र प्रहरी बल ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया। विपदा प्रबंधन बेस आदमघाट से डीएसपी सुनील गिरी के नेतृत्व में बचाव कार्य किया गया। एहतियातन गोताखोरों की टीम भी तैयार रखी गई थी, हालांकि फिलहाल किसी के लापता होने की पुष्टि नहीं हुई है।

जिला प्रशासन ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं और दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button