रूपए और जेवरातों से भरा बैग वापस लौटाया पुलिस ने, बैग मिलने से मजदूर के चेहरे पर आई मुस्कान, बस स्टैंड पुलिस ने दिखाई तत्परता

कटनी, यशभारत। मेहनत मजदूरी करके महंगाई के इस दौर में परिवार के लिए बनाए गए जेवर और नगद रुपयों से भरा बैग जब अचानक नहीं मिला तो काम से पत्नी सहित घर वापस लौट रहे मजदूर के होश उड़ गए। पति पत्नी बेसुध पहले तो बैग को इधर उधर खोजते रहेए लेकिन जब बैग का कहीं पता नहीं चला तो उन्होंने इसकी जानकारी बसस्टैंड चौकी पुलिस को दी। मजदूर परिवार की गाढ़ी कमाई खो जाने की जानकारी लगते ही बस स्टैंड चौकी प्रभारी सिद्धार्थ राय ने तत्परता दिखाई और टीम को सक्रिय किया। टीम ने सक्रियतापूर्वक काम करते हुए आखिरकार बैग ढूंढ निकाला और मजदूर परिवार को आज बैग वापस सौंप दिया। बैग में जेवरात और नगदी सुरक्षित पाकर मजदूर का चेहरा खिल उठा। पूरी टीम को हृदय से धन्यवाद देते हुए चेहरे पर मुस्कान लिए मजदूर अपनी मेहनत की कमाई लेकर घर लौट गया। बस स्टैंड चौकी प्रभारी सिद्धार्थ राय ने बताया कि ग्राम गनियारी थाना सिमरिया जिला पन्ना निवासी 21 वर्षीय सोनू चौधरी अजमेर में मेहनत मजदूरी करके अपना भरण पोषण करता है। गत 20 फरवरी की सुबह 10 बजे अपनी पत्नी मीना चौधरी के साथ अजमेर से कटनी मुड़वारा स्टेशन आया था। वहां से वह ई-रिक्शा में बैठकर बस स्टैंड पहुंचा। ई रिक्शा से उतरने के बाद जब वह बस पकडऩे की कोशिश कर रहा था तब उसका ध्यान बैग की तरफ गया। बैग गायब देखकर पति-पत्नी के होश उड़ गए। हलाकान पति-पत्नी ने तत्काल इसकी जानकारी चौकी में आकर दी।
बैग में थे नगदी और जेवर
बस स्टैंड चौकी पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर तलाश शुरू की। चौकी प्रभारी सिद्धार्थ राय के नेतृत्व में आरक्षक अनमोल सिंहए मनु त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक नीरज पांडे ने तत्परता दिखाते हुए आखिरकार उस ऑटो का पता लगा लिया जिसमें बैग छूटा था। ऑटो चालक के पास से बैग सुरक्षित मिला जिसे आज मजदूर परिवार के सुपुर्द कर दिया गया। मजदूर के बैग में चार जोड़ी चांदी के पायलए बिछिया सेट एवं 18 हजार रूपए नगद रखे थे। जिसे सुरक्षित उसके हवाले किया गया। लगभग डेढ़ लाख रुपए कीमती सामान वापस मिलने के कारण मजदूर का चेहरा खिल उठा।







