जबलपुरभोपालमध्य प्रदेशराज्य

जबलपुर के निजी अस्पताल कर्मी पर रॉड से जानलेवा हमला, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

जबलपुर। संस्कारधानी के लॉर्डगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत एक निजी अस्पताल में कार्यरत कर्मचारी राजाराम विश्वकर्मा पर चार से पांच बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने पहले काम के बहाने राजाराम को अस्पताल के बाहर बुलाया और फिर उन पर स्टील की रॉड से ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिए। हमले में राजाराम को गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मुखबिरी के शक में वारदात

घायल राजाराम के पुत्र सतीश विश्वकर्मा के अनुसार, यह पूरी घटना पुरानी रंजिश और गलतफहमी का नतीजा है। बताया जा रहा है कि लगभग एक वर्ष पूर्व राजाराम के छोटे बेटे संदीप विश्वकर्मा के साथ एक चोरी की वारदात हुई थी, जिसमें वह जेल गया था। जेल से बाहर आने के बाद संदीप शांतिपूर्ण जीवन जी रहा था। इसी बीच, आरोपी शिवम जायसवाल चोरी के एक मामले में जेल गया था। आरोपियों को शक था कि राजाराम और उनके बेटे ने पुलिस के लिए मुखबिरी की है, जिसके कारण शिवम को जेल हुई। इसी शक के आधार पर विक्की उर्फ विकास रजक, शिवम जायसवाल और उनके साथियों ने मिलकर इस खूनी वारदात को अंजाम दिया।

अस्पताल में चल रहा उपचार

हमले में राजाराम के हाथ, पैर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर फ्रैक्चर और चोटें आई हैं। अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा उनका इमरजेंसी ऑपरेशन किया गया है। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। लॉर्डगंज पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमलावर सरेराह रॉड से वार करते साफ नजर आ रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button