झंडा चढ़ाते समय पेड़ से गिरे युवक की मौत, शिवरात्रि उत्सव के दौरान मातम

जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के अंतर्गत बड़ा पत्थर इलाके में शिवरात्रि के पावन पर्व पर शिव मंदिर के पास झंडा चढ़ाने के लिए पीपल के पेड़ पर चढ़ा एक 28 वर्षीय युवक अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। त्यौहार के दिन हुई इस घटना से पूरे बड़ा पत्थर क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार रविवार को महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में बड़ा पत्थर शराब दुकान के पास स्थित प्राचीन शिव मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा था। दोपहर करीब 3:00 बजे, बड़ा पत्थर निवासी अर्जुन चौधरी (28) मंदिर के समीप लगे पीपल के पेड़ पर झंडा बांधने के लिए चढ़ा था। झंडा बांधने के दौरान अचानक अर्जुन का संतुलन बिगड़ गया और वह ऊंचाई से सीधे जमीन पर आ गिरा। सिर में गंभीर चोट आने के कारण वह मौके पर ही बेहोश हो गया। परिजनों और स्थानीय लोगों द्वारा घायल अर्जुन को तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल रांझी ले जाया गया। जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के मामा कंधीलाल चौधरी (45 वर्ष) ने रविवार देर रात थाना रांझी में घटना की सूचना दी। रांझी पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले को जांच में लिया है। पुलिस द्वारा शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।






