खाटू श्याम यात्रा पर निकले थे, जयपुर हादसे में 5 की मौत; आज रात जबलपुर पहुंचेंगे शव
कल जबलपुर में होगा अंतिम संस्कार

जबलपुर/जयपुर,यशभारत। जयपुर में हुए भीषण सड़क हादसे में जबलपुर के पांच लोगों की मौत के बाद परिजन रविवार को जयपुर पहुंच गए। सुबह सभी शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोपहर में एंबुलेंस से शवों को जबलपुर के लिए रवाना किया जाएगा। देर रात लगभग 12 बजे तक शवों के जबलपुर पहुंचने की संभावना है।
जानकारी के अनुसार, जबलपुर निवासी ये सभी लोग धार्मिक यात्रा पर खाटू श्याम टेम्पल जा रहे थे। इसी दौरान जयपुर में उनका वाहन भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि पांचों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही जबलपुर में शोक की लहर फैल गई। परिजन और अन्य स्वजन जयपुर में मौजूद रहे और पूरी प्रक्रिया के दौरान साथ रहे। प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। परिजनों ने बताया कि सभी मृतकों का अंतिम संस्कार सोमवार सुबह लगभग 10 बजे जबलपुर में किया जाएगा। शहर में इस दुखद घटना से गहरा मातम छाया हुआ है।







