जबलपुरदेशमध्य प्रदेश

राजस्थान में दर्दनाक हादसा: खाटूश्याम दर्शन के लिए जा रहे जबलपुर के 5 लोगों की मौत

ट्रेलर से टकराई कार, महिला समेत पांचों की मौके व रास्ते में गई जान; शहर में शोक की लहर

यश भारत, जबलपुर। जबलपुर के पांच लोगों की राजस्थान में हुए भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार कोटा-जयपुर नेशनल हाईवे (एनएच-52) पर चाकसू क्षेत्र के टिगरिया मोड़ के पास शनिवार सुबह करीब 5.30 बजे तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग बुरी तरह फंस गए। प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने से वाहन अनियंत्रित होकर ट्रेलर में घुसने की बात सामने आई है। हादसे की खबर मिलते ही जबलपुर में शोक की लहर फैल गई और मृतकों के घरों में मातम छा गया।

महाकाल दर्शन के बाद खाटूश्याम जा रहे थे सभी

परिजनों के अनुसार सभी जबलपुर निवासी दो दिन पहले उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए निकले थे। दर्शन के बाद वे खाटूश्यामजी (सीकर) के लिए रवाना हुए थे। जयपुर से करीब 40 किलोमीटर पहले ही उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। कार क्रमांक एमपी-20-सीके-8675 नक्षत्र नगर निवासी रेशमा श्रीवास्तव की बताई जा रही है।

चार की मौके पर मौत, एक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ा

हादसे में महिला समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक युवक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतकों में रेशमा श्रीवास्तव (55), पीयूष राय (पाटन रोड क्षेत्र), राहुल रजक (खेरमाई मंदिर के पास, हनुमानताल), चालक अनुराग (25) और शानू शामिल हैं। पुलिस ने शवों को चाकसू उप-जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव जबलपुर लाए जाएंगे।

हादसे के बाद हाईवे पर लगा लंबा जाम

टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह दब गया। स्थानीय लोगों और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला। दुर्घटना के बाद कुछ समय तक नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया। बाद में क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु किया गया।

परिवारों में मातम, शहर में शोक

दुर्घटना की खबर मिलते ही जबलपुर में मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार मृतक आपस में परिचित और मित्र थे तथा धार्मिक यात्रा पर निकले थे। हादसे ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। कई सामाजिक संगठनों और परिचितों ने शोक संवेदना व्यक्त की है।

पुलिस जांच जारी

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक की झपकी हादसे का कारण मानी जा रही है। ट्रेलर चालक से पूछताछ की जा रही है और तकनीकी जांच भी जारी है। अधिकारियों ने लंबी यात्रा के दौरान पर्याप्त विश्राम और सावधानी बरतने की अपील की है।

जबलपुर में अंतिम संस्कार की तैयारी

पोस्टमार्टम के बाद शव जबलपुर लाए जाएंगे, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा। घटना ने शहरवासियों को गहरे सदमे में डाल दिया है और हर कोई मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहा है।

कटंगी रोड–मदर टेरेसा क्षेत्र के थे सभी, एक ही समूह में निकले थे यात्रा पर

जानकारी के मुताबिक हादसे में जान गंवाने वाले पांचों लोग जबलपुर के कटंगी रोड व मदर टेरेसा क्षेत्र के रहने वाले थे और आपस में परिचित होने के कारण एक साथ धार्मिक यात्रा पर निकले थे। पीयूष राय, राहुल रजक और अनुराग इसी क्षेत्र में रहते थे, जबकि रेशमा श्रीवास्तव कटंगी रोड स्थित नक्षत्र नगर की निवासी थीं। परिजनों के अनुसार 26 वर्षीय पीयूष अविवाहित थे, वहीं अनुराग की शादी एक वर्ष पहले ही हुई थी। सभी मित्रों के रूप में ग्रुप बनाकर उज्जैन महाकाल दर्शन के बाद खाटूश्यामजी जा रहे थे, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

महाकाल मंदिर से ली सेल्फी बनी आखिरी याद

WhatsApp Image 2026 02 14 at 14.05.09

राजस्थान हादसे में जान गंवाने वाले पीयूष राय ने दुर्घटना से एक दिन पहले ही उज्जैन महाकाल मंदिर के बाहर अपने साथी राहुल के साथ सेल्फी लेकर व्हाट्सएप स्टेटस पर अपलोड की थी। परिजनों के अनुसार उसी दौरान उन्होंने फोन कर महाकाल दर्शन के बाद खाटूश्यामजी जाने की जानकारी भी दी थी। हादसे की खबर मिलने के बाद जब परिजनों ने स्टेटस पर वह तस्वीर देखी तो सभी भावुक हो उठे। घरों में गमगीन माहौल है और परिजन बार-बार मोबाइल में अंतिम तस्वीरें देखकर अपनों को याद कर रहे हैं।

एक साल पहले ही हुई थी अनुराग की शादी, पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल

हादसे में जान गंवाने वाले अनुराग के परिजनों ने बताया कि वह गाड़ी मालिक रेशमा श्रीवास्तव का ड्राइवर था और उनकी कार नियमित रूप से चलाया करता था। परिजनों के अनुसार अनुराग की शादी करीब एक साल पहले ही हुई थी। दुर्घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और उसकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि रेशमा श्रीवास्तव अक्सर धार्मिक यात्राओं पर जाती थीं और ऐसे कार्यक्रमों में अनुराग ही उनके साथ वाहन चलाने के लिए जाता था। इस बार भी वह उनके साथ उज्जैन और खाटूश्यामजी की यात्रा पर निकला था, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

सूचना मिलते ही घटनास्थल के लिए रवाना हुए परिजन

WhatsApp Image 2026 02 14 at 14.05.10

जानकारी के मुताबिक अनुराग, पीयूष और राहुल रजक एक ही क्षेत्र के रहने वाले थे। शनिवार सुबह करीब 7 बजे जयपुर पुलिस ने परिजनों को फोन कर हादसे और गंभीर स्थिति की सूचना दी। खबर मिलते ही परिवारों में अफरातफरी मच गई और सभी परिजन तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आगे की कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम सहित अन्य कार्रवाई परिजनों के पहुंचने के बाद ही पूरी की जाएगी। वहीं जबलपुर में रिश्तेदार और परिचित लगातार परिवारों से संपर्क कर जानकारी ले रहे हैं और घरों में शोक का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button