अंधे हत्याकांड का 24 घन्टे में खुलासा, ससुराल में झगड़े के बाद होने वाली नाबालिग पत्नी ने गला घोंटकर की हत्या, रीठी पुलिस ने किया गिरफ्तार

कटनी, यश भारत। रीठी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम खम्हरिया में अपनी ससुराल आये युवक की हत्या की अंधी वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने नाबालिग किशोरी को गिरफ्तार किया है, जिसने शराब का सेवन करने के बाद विवाद होने पर अपने होने वाले पति की गला घोंटकर हत्या कर दी। रीठी थाना प्रभारी मोहम्मद शाहिद ने बताया कि विगत 11 फरवरी को थाना रीठी के ग्राम खम्हरिया में एक युवक सुनील भुमिया पिता रमेश भुमिया उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम परसवाहा थाना विजयराघवगढ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम कर जांच में लिया गया। घटना स्थल का उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश कुमार मिश्रा द्वारा निरीक्षण किया गया एवं संदिग्ध परिस्थितियों युवक की मृत्यु होने से मामले में गंभीरता से जांच कार्यवाही की गई घटना स्थल पर एफएलएल टीम द्वारा निरीक्षण किया गया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया जिसमें डाॅक्टर द्वारा मृतक की मृृत्यु किसी चीज से गला घोटे जाने के कारण होना बताया गया। घटना स्थल निरीक्षण शव पंचनामा पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं साक्ष्यों के कथन तथा परिस्थिति जन्य साक्ष्य के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना की गई।
एसपी के निर्देशन में खुलासा
पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना रीठी क्षेत्र के अंतर्गत हुई अंधी हत्या के मामले के शीघ्र खुलासा हेतु निर्देशित किया गया था। पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ संतोष डेहरिया व उप पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशन में गठित टीम द्वारा अंधी हत्या के प्रकरण का 24 घंटे के अंदर खुलासा कर विधि विरूद्ध बालिका को अभिरक्षा में लेकर माननीय किशोर न्याय बोर्ड पेश किया गया।
ससुराल में हुआ झगड़ा
विवेचना में पाया गया कि मृतक 10 फरवरी की रात अपने होने वाली ससुराल आया था,जहां शराब आदि का सेवन करने के बाद उसका होने वाली पत्नि विवि विरूद्ध बालिका से झगडा हुआ, जिसमें विधि विरूद्ध बालिका द्वारा बिजली के वायर से सुनील भुमिया का गला घोंट दिया गया। जिससे उसकी मृत्यु हुई मामले में विधि विरूद्ध बालिका के अभिरक्षा में लेकर माननीय किशोर न्यायालय पेश किया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
पुलिस कार्यवाही में थाना प्रभारी रीठी निरी. मोहम्मद शाहिद, उनि0 दिनेश चैहान, सउनि0 जयचंद, प्रआर अजय मेहरा, राम पाठक, ओमशंकर शुक्ला, आर0 नितेश दुबे, ज्ञानेंद्र, समशेर, शहंशाह, विजय, अमन, एवं चालक जफर खान का विशेष योगदान रहा।






