बेलगाम हाइवा ने बाइक सवार युवकों को रौंदा, गुस्साए ग्रामीणों ने किया पुलिस पर पथराव, डायल 112 में तोड़फोड़, स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के बंधी रेलवे फाटक के पास दुर्घटना

कटनी, यश भारत। स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के बंधी रेलवे फाटक के पास दो मोटर साइकिल सवारों को एक तेज रफ्तार हाइवा ने कुचल दिया। जिसमें दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी लगते ही मृतकों के परिजन व ग्रामीण एकत्र हो गए और आक्रोशित होकर हाइवा के चालक से मारपीट की। साथ ही घटना स्थल पर पहुंची डायल 112 में भी पथराव किया। इसमें उसमें सवार पुलिसकर्मियों को चोट आई। किसी तरह से पुलिसकर्मी मौके से भागे और अधिकारियों को सूचना दी। तनाव की स्थिति को देखते हुए मौके पर स्लीमनाबाद, माधवनगर थाना पुलिस के साथ एसडीओपी स्लीमनाबाद भी पहुंची और लोगों काे समझाने का प्रयास किया। देर रात तक मौके पर पुलिस बल तैनात था। जानकारी के अनुसार गुरूवार की रात को बंधी स्टेशन के नजदीक रेलवे फाटक के पास हाइवा क्रमांक पीबी 10 एचएन 2438 ने रेलवे फाटक की ओर मोटर साइकिल से आ रहे दो युवकों को कुचल दिया। जिसमें दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान धरवारा गांव निवासी राजेंद्र कोल, 30 साल और राजा भैया कोल 30 वर्ष के रूप में हुई। सूचना मिलते ही मौके पर डायल-112 पहुंच गई। इस बीच घटना से आक्रोशित ग्रामीण एकत्र हो गए और हाइवा चालक के साथ मारपीट की। साथ ही पुलिस वाहन पर भी पथराव किया। जिसमें उसमें सवार पुलिसकर्मियों को चोट आई और वे मौके से भागे। भागते समय पुलिस को वाहन रेलवे फाटक भी टकराया, जिसके चलते वह भी टूट गया।
घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को लगते ही स्लीमनाबाद थाना प्रभारी सुदेश सुमन बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। तनाव की स्थिति को देखते हुए एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी और माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे भी मौके पर बल के साथ पहुंच गए और स्थिति को नियंत्रण में किया। साथ ही शव का पंचनामा कर उनको पीएम के लिए भेजा गया। तनाव की स्थिति को देखते हुए मौके पर देर रात तक बल तैनात था और पुलिस अधिकारी लोगों को समझाते हुए उचित कार्रवाई करने की बात कहते हुए मामले को पूरी तरह से शांत कराने में जुटे रहे।







