लाल किला धमाके पर UN का बड़ा खुलासा: जैश-ए-मोहम्मद ने ली जिम्मेदारी, पाकिस्तान फिर कठघरे में
हमले में 15 लोगों की मौत हुई थी

नई दिल्ली। संयुक्त राष्ट्र की आतंकवाद-रोधी निगरानी टीम की ताजा रिपोर्ट में दिल्ली के लाल किले के पास हुए धमाके को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, एक सदस्य देश ने जानकारी दी है कि आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने 9 नवंबर को हुए हमले की जिम्मेदारी स्वीकार की थी। इस हमले में 15 लोगों की मौत हुई थी। इस खुलासे के बाद पाकिस्तान की भूमिका को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
यूएन रिपोर्ट में कहा गया है कि जैश-ए-मोहम्मद भारत को निशाना बनाकर आतंकी गतिविधियों को अंजाम देता रहा है और हालिया हमले से उसका संबंध बताया गया है। साथ ही रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि 8 अक्टूबर को संगठन के सरगना मसूद अजहर ने ‘जमात-उल-मुमिनात’ नाम से एक विशेष महिला शाखा के गठन की घोषणा की। माना जा रहा है कि यह कदम संगठन की भर्ती और हमलों को समर्थन देने की रणनीति में बदलाव का संकेत है।
संयुक्त राष्ट्र की निगरानी टीम ने चेतावनी दी है कि कड़े आतंकवाद-रोधी दबाव के बावजूद जैश-ए-मोहम्मद जैसे संगठन नए तौर-तरीकों और प्रतीकात्मक बड़े हमलों के जरिए खुद को ढाल रहे हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि भले ही कुछ आतंकी संगठन कमजोर पड़े हों, लेकिन उनका पुनर्गठन और उच्च-स्तरीय लक्ष्यों पर हमला करने की क्षमता क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनी हुई है।
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख है कि कुछ देश जैश-ए-मोहम्मद को अब भी सक्रिय और खतरनाक मानते हैं, जबकि एक अन्य सदस्य देश ने उसे निष्क्रिय बताया है। इस तरह के विरोधाभासी आकलन अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद-रोधी प्रयासों को जटिल बनाते हैं और दक्षिण एशिया में सुरक्षा चुनौतियों को और बढ़ाते हैं।







