सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ जिले के शाहगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के गेट पर सरेराह नर्स की गोली मारकर हत्या करने वाले फरार आरोपी की गिरफ्तारी अब पुलिस के लिए साख का सवाल बन गई है। एसपी द्वारा आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किए जाने के बाद पुलिस की पांच अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
गौर तलब है कि बीते दिनों शाहगढ़ अस्पताल में पदस्थ नर्स की उसके ही सगे मौसेरे भाई ने उस समय हत्या कर दी गई थी, जब वह ड्यूटी पर तैनात थी। एकतरफा प्यार के जुनून में आरोपी ने अस्पताल के मुख्य द्वार पर ही कट्टे से गोली मारकर वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया। इस सनसनीखेज वारदात से न केवल स्वास्थ्य विभाग बल्कि पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
पुलिस ने की इनाम की घोषणा
आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर पुलिस प्रशासन ने उस पर 10 हजार रुपये का नकद इनाम घोषित किया है। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखने का आश्वासन दिया गया है। पुलिस अपने स्तर पर भी आरोपी के मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स के आधार पर उसके करीबियों से पूछताछ कर रही है। इसके अलावा शाहगढ़ के साथ ही पड़ोसी जिलों और आरोपी के पैतृक गांव से जुड़े संदिग्धों पर भी नजर रखी जा रही है।
एडिशनल एसपी संजीव कुमार उईके ने यश भारत के संभागीय ब्यूरो को बताया कि आरोपी की पहचान सुनिश्चित हो चुकी है। इनाम घोषित होने के बाद मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है। जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होगा।”
उन्होंने बताया कि आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है जिस कारण पुलिस को उसकी तलाश में भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। पुलिस द्वारा जारी सूचना के अनुसार हत्या के मामले में फरार आरोपी सुशील चढ़ार पिता रामसेवक चढ़ार उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम मुड़िया, थाना पनागर जिला जबलपुर है आरोपी की जानकारी देने या उसे पकड़वाने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रहेगी।
घटना के बाद से अस्पताल परिसर में सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। साथी नर्सों और स्वास्थ्य कर्मचारियों में गहरा आक्रोश और भय है। कर्मचारियों की मांग है कि आरोपी को कठोरतम सजा दी जाए ताकि भविष्य में ऐसी हिमाकत कोई न कर सके।
Back to top button