सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले में यातायात नियमों की अनदेखी कर चलाए जा रहे वाहनों के कारण सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार खतरा बना हुआ है। विशेष रूप से ओवरलोड वाहनों के संचालन से न केवल सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं, बल्कि गंभीर दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। ऐसी लापरवाहियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सिवनी यातायात पुलिस द्वारा लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में दोपहर यातायात पुलिस ने ओवरलोड वाहन चलाने वाले एक सीमेंट ट्रक चालक के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की। यातायात थाना प्रभारी विजय बघेल ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा के मार्गदर्शन में जिलेभर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ निरंतर चेकिंग अभियान संचालित किया जा रहा है।
चेकिंग के दौरान थाना यातायात की टीम ने वाहन क्रमांक CG10 BW 1808 को रोका। जांच के दौरान वाहन के दस्तावेजों की पड़ताल की गई तथा ट्रक में लदे माल के भार से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए चालक से कहा गया, लेकिन चालक द्वारा कोई वैध भार संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। संदेह होने पर पुलिस द्वारा वाहन को तौल कांटे पर ले जाया गया, जहां जांच में ट्रक में निर्धारित क्षमता से करीब 7 टन अधिक माल भरा होना पाया गया।
ओवरलोडिंग की पुष्टि होने पर यातायात थाना प्रभारी द्वारा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 113 के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन को जप्त कर लिया गया तथा चालक पर 17 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही समन शुल्क भी वसूल किया गया।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ओवरलोड वाहन न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि आम नागरिकों की जान के लिए भी खतरा पैदा करते हैं। पुलिस द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रखी जाएगी। यातायात विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें, ओवरलोड वाहन न चलाएं और सड़क सुरक्षा में सहयोग करें, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।
Back to top button