भोपालमध्य प्रदेश

मजदूर को 72 घंटे तक किया डिजिटल अरेस्ट, एनआईए अफसर बन ठगे 1.43 लाख

मजदूर को 72 घंटे तक किया डिजिटल अरेस्ट, एनआईए अफसर बन ठगे 1.43 लाख

छोला मंदिर पुलिस की मुस्तैदी से आधा पैसा डूबने से बचा

भोपाल, यशभारत। राजधानी के छोला मंदिर इलाके में साइबर ठगी का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। ठगों ने अब रसूखदारों के बाद मेहनत-मजदूरी करने वाले तबके को अपना निशाना बनाना शुरू कर दिया है। यहाँ एक 45 वर्षीय मजदूर राजकुमार को जालसाजों ने एनआईए अधिकारी बनकर डराया और 72 घंटे तक उनके ही घर में डिजिटल अरेस्ट रखा। इस दौरान आरोपी वीडियो कॉल के जरिए उन पर नजर रखते रहे और जेल भेजने के नाम पर 1.43 लाख रुपए ठग लिए।

ऐसे बुना ठगी का जाल
पीड़ित राजकुमार के पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आया था। फोन करने वाले ने खुद को नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी का बड़ा अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके बैंक खाते से आतंकियों को फंडिंग की गई है। जेल जाने और बदनामी के डर से राजकुमार इस कदर सहम गए कि ठगों ने उन्हें फोन काटने या कमरे से बाहर निकलने पर तुरंत गिरफ्तारी की धमकी दी। 72 घंटे तक राजकुमार अपने ही घर के एक कमरे में कैद रहे और ठग वीडियो कॉल के जरिए उन पर पहरा देते रहे।

सेटलमेंट के लिए मांगे 3 लाख
जब राजकुमार पूरी तरह डर गए, तो ठगों ने मामले को रफा-दफा करने के बदले 3 लाख रुपए की मांग की। अपनी मेहनत की पूरी जमा-पूंजी निकालते हुए राजकुमार ने 1 लाख 43 हजार रुपए ठगों के बताए खाते में ट्रांसफर कर दिए। जब ठगों का लालच और बढ़ा और उन्होंने बाकी पैसों के लिए दबाव बनाया, तब राजकुमार को संदेह हुआ और उन्होंने परिजनों को आपबीती सुनाई।

पुलिस ने बचाई आधी रकम
परिजनों ने तत्काल छोला मंदिर थाना पुलिस को सूचित किया। थाना प्रभारी सरस्वती तिवारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी सर्विलांस की मदद ली और राजकुमार को ठगों के मानसिक चंगुल से छुड़ाया। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए संबंधित बैंकों से संपर्क कर ठगों के खातों को होल्ड करवा दिया। पुलिस की इस तत्परता से करीब आधे पैसे ठगों के हाथ लगने से बच गए, जिन्हें अब वापस लाने की प्रक्रिया जारी है।

इनका कहना है कि …
कोई भी सरकारी एजेंसी जैसे सीबीआई, एनआईए या पुलिस कभी भी वीडियो कॉल पर पूछताछ नहीं करती और न ही पैसे मांगती है। यदि कोई फोन पर डराकर आपको कमरे में बंद रहने को कहे, तो घबराएं नहीं। यह साइबर ठगी है। तुरंत 1930 पर कॉल करें।
सरस्वती तिवारी, थाना प्रभारी, छोला मंदिर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button